अल्टीमेटम: मुख्यमंत्री ने सचिव PWD को निरीक्षण कर सड़कों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़कों की मौजूदा स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग के अफसरों की मीटिंग ली। उन्होंने अधिकारियों को 30 नवंबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण को भी कहा। कहा कि वह कभी भी कहीं भी सड़कों का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।

मंगलवार को सचिवालय में लोक निर्माण विभाग की बैठक के दौरान सीएम ने सचिव लोक निर्माण विभाग और सर्कल ऑफिसरों को सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। साथ ही निर्धारित समय में सड़कों के गड्ढ़ा मुक्त नहीं होने और लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के कार्यों और आतंरिक सड़क मार्गों के कार्यों में भी युद्धस्तर पर कार्य किये जाएं। शहर में सड़कों के निर्माण कार्य रात्रि के समय तेजी से किये जाएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने इसकी निगरानी के लिए सचिव लोक निर्माण विभाग को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान संबंधित क्षेत्रों में सही ढंग से बैरिकेटिंग हो, लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना न करना पड़े। सड़कों पर डिवाईडर, रिफ्लेक्टर, साइनेज लाईटिंग की अच्छी व्यवस्थाएं की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और आपदा प्रबंधन पर 6वीं अन्तरराष्ट्रीय कांग्रेस के दृष्टिगत भी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में पानी का बहाव अधिक होता है, वहां व्हॉइट टापिंग तकनीक का प्रयोग किया जाए। सड़कों से संबंधित जो भी योजनाएं बनाई जा रही हैं, वे आगामी 50 साल की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाई जाए। सड़कों पर बिजली के तार न झूल रहे हों। चौड़ीकरण के दौरान बिजली के पोल को भी सड़कों से बाहर शिफ्ट किया जाए। सड़कों पर किसी को भी अतिक्रमण न करने दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिलक्यारा उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सुरंग में फंसे श्रमिकों के राहत एवं बचाव कार्यों में लगी एजेंसियों को हर संभव मदद दी जाए। श्रमिकों के परिजनों से भी निरंतर समन्वय स्थापित कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन उत्तरकाशी के साथ लगातार समन्वय बनाकर किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर शीघ्र सहायता करने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार, नगर आयुक्त देहरादून मनुज गोयल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!