आईजी गढ़वाल ने रुद्रप्रयाग पुलिस लाइन, कोतवाली रुद्रप्रयाग का किया वार्षिक निरीक्षण

MS Malik
By
4 Min Read

निरिक्षण के दौरान अधीनस्थों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगण्याल ने रुद्रप्रयाग के पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं व कोतवाली रुद्रप्रयाग का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन पहुंचकर परेड की सलामी ग्रहण कर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कार्मिकों द्वारा की जा रही परेड की सभी टोलियों का बारीकी से निरीक्षण कर कमाण्ड एवं कण्ट्रोल के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। परेड के उपरान्त पुलिस लाइन परिसर, बैरक, भोजनालय, कैश कार्यालय, गणना कार्यालय, स्टोर कार्यालय, परिवहन शाखा का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। पुलिस लाइन सभागार में जनपद के पुलिस कार्मिकों के सम्मेलन में उन्होंने समस्यायें सुनकर कतिपय कार्मिकों द्वारा उठायी गयी समस्याओं पर यथोचित निर्णय लिये जाने का आश्वासन दिया।

आगामी चारधाम यात्रा 2023 के मद्देनजर उन्होंने सभी अधिकारी/कर्मचारियों को यात्रियों से मधुर एवं सौम्य व्यवहार का परिचय देकर अपने दायित्वों का निर्वहन किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही सभी कार्मिकों को याद दिलाया कि वे सड़क दुर्घटना के दौरान मदद करने वाले गुड समेरिटन व्यक्तियों के नाम अपने उच्चाधिकारियों तक पहुंचायें। ऐसे लोगों को प्रोत्साहित कर सम्मानित किया जाये। सम्मेलन के बाद जनपद के सभी थाना, चौकी व शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर अपराध अनावरण के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। साइबर ठगी व धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्यवाही किये जाने व विवेचनाओं को अनावश्यक लम्बित न रखे जाने के निर्देश दिये गये। एनडीपीएस के प्रावधानों के तहत कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।

पुलिस कार्यालय की शाखाओं का निरीक्षण करते हुए आंकिक शाखा के निरीक्षण अवसर पर पुरानी ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण किये जाने के भी उन्होंने निर्देश दिये। क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग व क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी कार्यालयों में अपराध रजिस्टरों का निरीक्षण किया गया। अपराध रजिस्टरों में की जाने वाली प्रविष्टियों को सम्बन्धित क्षेत्राधिकारियों के स्वयं के हस्तलेख से किये जाने के निर्देश दिये।

कोतवाली रुद्रप्रयाग का निरीक्षण करते हुए महिला हैल्प डेस्क में नियुक्त महिला पुलिस कार्मिकों से संवाद स्थापित कर उनके द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी कर महिलाओ की समस्या व शिकायत को शीर्ष प्राथमिकता पर लेते हुए उचित कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये उसके बाद उन्होंने थाना परिसर, थाना कार्यालय, मालखाना, अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। थाने के मालखाने में कोई भी लम्बित माल न होने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए थाना कार्यालय स्टाफ को ₹ 5000 का नगद पारितोषिक प्रदान किये जाने की घोषणा की। थाने से सम्बन्धित रजिस्टरों का अवलोकन कर अद्यावधिक किये जाने के निर्देश दिये गये। थाने को आवंटित शस्त्रों की साफ-सफाई सही पायी गयी। आगामी चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के सफल संचालन हेतु युवा एवं अनुभवी कार्मिकों को मिश्रित रूप से तैनात करने तथा यात्रा काल में काम करने वाले प्रत्येक घोड़ा संचालक हो, डण्डी कण्डी आदि सभी की पहचान के तौर पर उनके पंजीकरण एवं मोबाइल नम्बर का डाटा रखने एवं यात्रा काल में पुलिस की चौकियों को सुदृढ़ीकरण करते हुए पुलिस बल सहित एसडीआरएफ, पीएसी, जल पुलिस, पर्यटन पुलिस की तैनाती करने के लिए जनपद प्रभारी को निर्देश दिये।

वार्षिक निरीक्षक अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग डॉ0 विशाखा अशोक भदाणे, पुलिस उपाधीक्षक, रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक, गुप्तकाशी विमल रावत, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन्स श्रीमती हर्षवर्द्धनी सुमन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन गणेश लाल बण्डवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग, जयपाल सिंह नेगी सहित जनपद रुद्रप्रयाग के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!