उपचुनाव के नतीजों से सहमी केन्द्र सरकार, पेट्रोल में 5 और डीजल के दामों में 10रू की कटौती

MS Malik
By
3 Min Read

उत्तराखंड में धामी सरकार करेगी दो रुपये प्रति लीटर की अतिरिक्त कटौती

नई दिल्ली। देश के कईं राज्यों हुए उपचुनाव के मंगलवार को आए नतीजों ने केंद्र सरकार को डरा दिया है। राजस्थान, हरियाणा, बंगाल एवं हिमाचल प्रदेश उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा के थिंक टैंक को अंदर तक हिला दिया है। हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सहित विधानसभा की तीनों सीटों पर जिस प्रकार से कांग्रेस ने कब्जा जमाया है उसमें कहीं ना कहीं बढ़ती महंगाई का बड़ा रोल माना जा रहा है।

केंद्र सरकार के पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने बाद अब कई राज्यों की सरकारों ने भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती करने का फैसला किया है।अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ट्वीट कर पेट्रोल-डीजल पर लगने वाला वैट कम करने का एलान किया है। देशभर में हुए उपचुनाव के नतीजों से सहमी केंद्र सरकार ने दिवाली से एक दिन पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी पांच रुपये और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये घटाई है। सरकार के इस फैसले से पेट्रोल पांच और डीजल 10 रुपये सस्ता हो जाएगा।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती से बड़ी राहत मिली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कीमतों में कमी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा पेट्रोल डीजल के मूल्य में कमी करना सराहनीय कदम है। इससे आम लोगों को राहत मिलेगी।

पिछले काफी समय से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार आ रहे उछाल ने प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की चिंता बढ़ा दी थी। कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर लगातार बेहद हमलावर है। और लगातार बढती महंगाई के खिलाफ सडकों पर उतर कर विरोध जता रही है।

केंद्र सरकार के फैसले के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी प्रदेशवासियों को पेट्रोल पर दो रुपये प्रति लीटर की अतिरिक्त राहत देने का निर्णय लिया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल के दामों में सात रुपये की कमी की जाएगी। नए दाम आज से लागू होंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!