कांग्रेस ने नगर निगम पार्षद को पार्टी से निलंबित कर तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने नगर निगम पार्षद एवं महानगर कांग्रेस पदाधिकारी श्रीमती मीना बिष्ट पर शहीद राज्य आन्दोलनकारी के खिलाफ की नगर निगम सदन में की गई अमर्यादित बयानबाजी के गम्भीर आरोपों का संज्ञान लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलम्बित कर दिया है।

जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि श्रीमती मीना बिष्ट पर सोमवार को नगर निगम सदन की कार्रवाई के दौरान राज्य निर्माण के शहीद आन्दोलनकारी स्व0 राजेश रावत के विरूद्ध की गई अमर्यादित बयानबाजी का पार्टी नेतृत्व द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से उनकी पार्टी सदस्यता निलम्बित करने का निर्णय लिया गया है।

श्रीमती मीना बिष्ट को जारी नोटिस में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी स्व0 राजेश रावत के सम्बन्ध में दिनांक 25 अप्रैल, 2022 को नगर निगम सदन में आपके द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी से मैं स्वयं, कांग्रेस पार्टी, राज्य निर्माण आन्दोलनकारी एवं आम जनता आहत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का सपना आन्दोलन के शहीदों की शहादत के कारण साकार हो पाया तथा उत्तराखण्ड राज्य शहीद आन्दोलकारियों की धरोहर है। स्व0 राजेश रावत ने राज्य निर्माण आन्दोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। आपके द्वारा सदन में किया गया अमर्यादित व्यवहार आपके पद की गरिमा के अनुकूल नहीं है तथा आपके इस अमर्यादित व्यवहार से कांग्रेस पार्टी संगठन की छबि धूमिल होने के साथ ही जनता के मध्य गलत संदेश गया है, जिसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गम्भीरता से लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने श्रीमती मीना बिष्ट की तत्काल प्रभाव से सदस्यता निलम्बित करते हुए 3 दिन के अन्दर माफीनामे के साथ स्पष्टीकरण लिखित रूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं ऐसा न करने की स्थिति में निष्कासन की कार्रवाई की जायेगी।
इसी परिपेक्ष में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा द्वारा पार्टी के नगर निगम पार्षदों की बैठक बुलाकर उनसे चर्चा करते हुए इस विषय पर पार्टी की ओर से निर्णय लिया गया। बैठक में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष डाॅ0 विजेन्द्र पाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नीनू सहगल, पार्षद सचिन थापा, हुकम सिंह गडिया, कोमल वोहरा, संगीता गुप्ता, अर्जुन सोनकर, सविता सोनकर, इलियास अंसारी, अनिल क्षेत्री, सुमित्रा ध्यानी, प्रवेश त्यागी, रीता कुमार, अनूप कपूर, देविका रानी, महेन्द्र रावत, मुकेश सोनकर, दीप वोहरा, अनुराग गुप्ता, आशु रतूडी आदि उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!