कोविड-19: बोर्ड परीक्षाओं के बाद इसी माह होने वाली JEE परीक्षाएं भी स्थगित

MS Malik
By
2 Min Read

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के मद्देनजर बोर्ड परीक्षाओं के बाद अब केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने जेईई की परीक्षा भी स्थगित करने का फैसला किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इस बारे में आवश्यक निर्देश जारी करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को फिलहाल जेईई मेंस की परीक्षाएं न लेने का निर्देश दिया है। जेईई मेंस की यह परीक्षाएं इसी माह अप्रैल में होनी थी। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक स्थिति सामान्य होने पर जब भी परीक्षा ली जाएगी तो उस से 15 दिन पहले छात्रों को परीक्षा की तारीख के बारे में अवगत कराया जाएगा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इस विषय में जानकारी देते हुए कहा, “जेईई (मुख्य) 2021 अप्रैल सत्र की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। परीक्षा से कम से कम 15 दिन पहले की यह घोषणा की जाएगी और सभी छात्रों को इस बारे में सूचित किया जाएगा।”

निशंक ने कहा, “वर्तमान कोरोना महामारी के स्थिति को देखते हुए, मैंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को जेईई (मुख्य) 2021 अप्रैल सत्र की परीक्षा स्थगित करने की सलाह दी है। मैं इस बात को दोहराना चाहूंगा कि अभी हमारे छात्रों और उनके अकादमिक करियर की सुरक्षा मेरी प्रमुख चिंताएं हैं।”

मार्च में हुई जेईई मेन परीक्षा सीजन 2 के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। यह परीक्षाएं पहली बार क्वालालंपुर और लागोस जैसे विदेशी शहरों में भी आयोजित की गई थी। भारत सरकार के सहयोग से इन परीक्षाओं को 12 विदेशी शहरों और 334 भारतीय शहरों में आयोजित किया गया था।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा ली गई इन परीक्षाओं में 13 छात्रों ने शत प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया था। जेईई मेन परीक्षा, एनटीए द्वारा 16 से 18 मार्च 2021 तक आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में बी ई और बीटेक के लिए कुल 6.19 लाख से अधिक उम्मीदवार पंजीकृत थे।

–आईएएनएस

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!