पिछले 24 घंटे में मिले 2, 61हजार से अधिक कोरोना संक्रमित, डेढ हजा़र की मौत

MS Malik
By
3 Min Read

देश में अभी तक 12 करोड़ 26 लाख 22 हजार 590 लोगों को लग चुकी है कोरोना वैक्सीन

नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में रकॉर्ड 2 लाख 61 हजार 500 नए मामले सामने आए हैं। भारत में कोरोना के नए मामलों में एक दिन में ये सबसे बड़ा उछाल है। साथ ही इसी अवधि में 1501 लोगों की मौत भी देश में कोरोना से हुई है। इसी के साथ भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 1 लाख 77 हजार 150 हो गई है। एक्टिव मरीजों की संख्या भी देश में बढ़कर अब 18 लाख 1 हजार 316 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1 लाख 38 हजार 423 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं।

ताजा अपडेट के अनुसार भारत में अब तक कुल 1 करोड़ 47 लाख 88 हजार 109 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके है। इसमें 1 करोड़ 28 लाख 9 हजार 643 लोग बीमारी से ठीक भी हुए हैं। वहीं 12 करोड़ 26 लाख 22 हजार 590 लोगों को अब तक कोरोना की वैक्सीन दी गई है। महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस के अब तक के सर्वाधिक 67,123 नए मामले सामने आए। ये आंकड़े तब आ रहे हैं जब राज्य में सख्त पाबंदियां लागू हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 419 लोगों की मौत भी हुई है। इसी के साथ महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या बढ़कर 59,970 हो गई है।

वहीं, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के एक दिन में सबसे ज्यादा 24,375 नए मामले सामने आए है। इसके साथ ही 167 लोगों की मौत भी हुई। दिल्ली में अब संक्रमण दर भी 24.56 प्रतिशत हो गई है। इसके ये मायने हुए कि हर चार नमूनों में से एक व्यक्ति संक्रमित निकला है। दिल्ली में अब तक कोरोना से 11,960 लोगों की मौत हो चुकी है। वही, एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 69,799 हो गई है। अब तक दिल्ली में कुल 7.46 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं।

कोरोना से यूपी-बिहार का भी बुरा हाल – उत्तर प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से एक दिन में सबसे ज्यादा 120 लोगों की मौत हुई। वहीं, संक्रमण के 27,357 नये मामले सामने आए हैं। इससे पहले सितंबर, 2020 में एक दिन में सबसे ज्यादा 113 लोगों की मौत हुई थी। राज्य में अब तक कुल 9,703 लोगों की मौत हुई है। वहीं, उत्तराखंड में कोविड-19 से 37 और मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या शनिवार तक बढ़कर 1,856 हो गई है। शनिवार को प्रदेश में 2,757 और लोगों के संक्रमित होने की भी पुष्टि हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!