ज़मीन के फर्जी दस्तावेज दिखाकर 30 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। शासन प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद प्रदेश में धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ताज़ा मामले में शिमला बायपास रोड स्थित जमीन बेचने के नाम पर 30 लाख रुपये ठग लिए गए। जालसाज ने दूसरे के नाम दर्ज जमीन अपनी बताई और फर्जी दस्तावेजों के जरिये विश्वास में लेकर रकम ले ली। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी के अनुसार पुराना डाकपत्थर निवासी नीरज जायसवाल ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर देते हुए बताया था कि उनकी मुलाकात देवेंद्र सिंह रावत निवासी क्लेमेनटाउन से हुई थी। देवेंद्र ने मेहूंवाला माफी स्थित करीब 3.50 बीघा जमीन का सौदा तय किया था। नीरज का आरोप है कि देवेंद्र ने उस वक्त जमीन के मालिकाना हक से जुड़े तमाम दस्तावेज दिखाए थे। जिस पर भरोसा करके उन्होंने पांच लाख रुपये बयाना राशि दे दी। इसके बाद समय -समय पर आरोपी ने नीरज से कुल 30 लाख रुपये ले लिए। जब उन्होंने बार-बार रजिस्ट्री करने को कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में पता चला कि जमीन सरकारी रिकॉर्ड में चैतराम गोस्वामी और जहांगीर हुसैन के नाम दर्ज है। जिसके बाद आरोपी देवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!