जीजीआईसी राजपुर रोड में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया 3 स्मार्ट विद्यालयों का लोकार्पण

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जीजीआईसी राजपुर रोड, देहरादून में स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत 03 स्मार्ट विद्यालयों का लोकार्पण किया। जिन स्मार्ट स्कूलों का लोकार्पण किया गया, उनमें जीजीआईसी राजपुर रोड, जीआईसी खुड़बुड़ा एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय खुड़बुड़ा शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओएनजीसी द्वारा जीजीआईसी राजपुर रोड को दी गई बस को भी हरी झण्डी दिखाई।  

     मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आज के तकनीक के युग में स्मार्ट क्लासेज की महत्ता तेजी से बढ़ रही है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जिन तीन विद्यालयों का लोकार्पण किया गया है। इनमें बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।  इन विद्यालयों में स्मार्ट लैब एवं वर्चुअल क्लास के साथ ही शिक्षा के लिए अनेक नई तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। इन स्कूलों में एक-दूसरे से कनेक्ट करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

     मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि राज्य में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 600 दुर्गम विद्यालयों में वर्चुअल क्लास की व्यवस्था की गई है। राज्य के अनेक अस्पतालों में टेली रेडियोलॉजी एवं टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साक्षरता के मामले में उत्तराखण्ड अग्रणी राज्यों में है। देहरादून जनपद लगभग पूर्ण साक्षरता की ओर बढ़ रहा है। प्रत्येक व्यक्ति का प्रयास होना चाहिए कि अपने आस-पास एक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर करे। शिक्षा के क्षेत्र में भारत हमेशा अग्रणी रहा है।

      इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, राजपुर रोड विधायक खजान दास, सचिव शिक्षा आर मीनाक्षी सुंदरम, सीईओ स्मार्ट सिटी/ जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ देहरादून सुश्री नितिका खण्डेलवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून श्रीमती आशा रानी पैन्यूली, प्रधानाचार्या जीजीआईसी राजपुर रोड श्रीमती प्रेमलता बौड़ाई आदि उपस्थित थे।

     

     

     

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!