दून पुलिस का यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 30 वाहन सीज; 15 के चालान कर वसूला जुर्माना

6

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रेमनगर थाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्रान्तर्गत चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर का प्रयोग करने, ट्रिपल राइडिंग, रैश ड्राइविंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने नियमों की अनदेखी करते पाए गए कुल 30 टू-व्हीलर एवं फोर-व्हीलर वाहनों को सीज कर दिया। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 अन्य वाहनों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई। इन चालानों के माध्यम से पुलिस ने ₹12,000 का जुर्माना वसूल किया।


पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करना है। खास तौर पर मोटरसाइकिलों में मॉडिफाई साइलेंसर का इस्तेमाल, ट्रिपल राइडिंग और तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने जैसी गतिविधियां सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाती हैं। पुलिस की कार्रवाई से स्पष्ट है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करें और सड़क पर निर्धारित यातायात नियमों के अनुरूप ही वाहन चलाएं।