धामी कैबिनेट का विस्तार आज: 5 नए मंत्रियों की हो सकती है एंट्री, इन विधायकों के नाम चर्चा में

4

 

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के मंत्रिमंडल का आज विस्तार किया जाएगा। नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह 10 बजे लोकभवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में खाली चल रही सभी 5 सीटों को भरा जा सकता है। पिछले कई दिनों से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा चल रही थी और इसके लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार किया जा रहा था।बताया जा रहा है कि नए मंत्रियों का चयन विधायकों के पिछले चार साल के कामकाज और संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए किया गया है। इसके साथ ही सरकार इस बार क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

वर्तमान मंत्रिमंडल का समीकरण
फिलहाल धामी सरकार में 5 मंत्री पद खाली हैं। मौजूदा मंत्रियों में सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा शामिल हैं। इनमें सतपाल महाराज, धन सिंह रावत और सुबोध उनियाल गढ़वाल क्षेत्र से आते हैं, जबकि रेखा आर्य और सौरभ बहुगुणा कुमाऊं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इन विधायकों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में
कैबिनेट विस्तार को लेकर जिन विधायकों के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें देहरादून से राजपुर रोड विधायक खजानदास, नैनीताल से सरिता आर्य, रूड़की हरिद्वार से प्रदीप बत्रा, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग से विनोद कंडारी, रामनगर नैनीताल से दीवान सिंह बिष्ट बताए जा रहे हैं। इन नामों के जरिए सरकार गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही दर्जन भर से अधिक नेताओं को विभिन्न बोर्ड-निगमों और संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी दी जा सकती हैं।

दरअसल चुनावी साल को देखते हुए सरकार विधायकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है, ताकि संगठन और सरकार दोनों स्तर पर मजबूत संदेश दिया जा सके। हालांकि मंत्रियों की अंतिम सूची को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, जिससे राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।