पति को चाय में चूहे मारने की दवा मिलाई, फिर प्रेमी संग मिल फंदे पर लटका दिया

Astitva Times Desk
5 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

चार बच्चों की मां है हत्यारिन पत्नी रेखा, मेडिकल कॉलेज में खाना बनाने के दौरान हुई प्रेमी से बने संबंध

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आजकल पत्नियों द्वारा पति की हत्या करने के हैरान परेशान करने वाले मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बरेली में मेरठ के ‘सौरभ हत्याकांड’ जैसी एक और वारदात सामने आई है। यहां पत्नी ने पति को चाय में चूहे मारने की दवा मिलाकर पिला दी। जब वह बेहोश हो गया तो फोन करके प्रेमी को बुलाया। दोनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मर्डर को सुसाइड का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। वारदात के बाद प्रेमी को वहां से भगा दिया।

किसी को शक न हो, इसलिए वह जोर-जोर से रोने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया, तो शव फंदे से लटका मिला। शव बाहर निकालते ही पत्नी शव से लिपट गई और चीखने लगी। यह देखकर पुलिस को भी पहले मामला सुसाइड का लगा। जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। इसमें पता चला कि युवक की मौत गला दबाने और नशीला पदार्थ पीने से हुई है।

भाई की शिकायत और शक के आधार पर पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने प्रेमी का नाम बताया। फिर दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो जुर्म कबूल कर लिया। मामला ठाकुरद्वारा मोहल्ले का है। जिसके बाद आरोपी पत्नी रेखा और उसके प्रेमी को पिंटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक अलीगंज थाना क्षेत्र के खेलम देहाजागीर गांव के रहने वाले केहर पाल सिंह (35) अपनी पत्नी रेखा और 4 बच्चों के साथ मोहल्ला ठाकुरद्वारा में किराए पर रहता था। वह नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में 10 साल से संविदा पर सफाईकर्मी था। 13 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे मोहल्ले वालों ने केहर की पत्नी की चीखने की आवाज सुनी। जिसके बाद लोग दौड़कर वहां पहुंचे। जब उससे रोने की वजह पूछी गई तो उसने कहा- पति ने फांसी लगा ली है। हमने खिड़की से देखा तो शव फंदे पर लटका हुआ था। हम लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। करीब 10-15 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। जैसे ही पुलिस ने शव को कमरे से बाहर निकाला, रेखा उससे लिपटकर रोने लगी। यह देखकर हमें भी लगा कि केहर ने आत्महत्या की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, केहर के भाई अशोक कुमार ने हत्या की आशंका जताई और बहू के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा था।दो दिन पहले आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण गला दबाना और नशीला पदार्थ पाया गया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी रेखा को हिरासत में लिया। पूछताछ में रेखा ने अपने प्रेमी का नाम बताया। फिर दोनों को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने हत्या की बात कबूल ली।

16 साल पहले हुई थी शादी केहर सिंह के बड़े भाई अशोक कुमार ने बताया कि छोटे भाई की शादी 16 साल पहले हुई थी। उसके चार बच्चे हैं राहुल सिंह (13), वंश (10), रितिक (7) और बेटी परी (5)। रेखा मेडिकल कॉलेज में खाना बनाने का काम करती थी। वहीं उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी पिंटू से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसकी जानकारी केहर को हो गई थी। उसने रेखा से नौकरी छोड़ने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे।

SP बोले- पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड से की जा रही पूछताछ एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि संविदा कर्मचारी का शव घर में फंदे से लटका मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। अब तक की जांच में रेखा और पिंटू के प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!