पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार, पत्नी एवं तीन बेटियों के खिलाफ मुक़दमा दर्ज

MS Malik
By
2 Min Read

NDPS एक्ट में वांछित गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ दर्ज हैं 47 मुकदमें

पत्नी शांति देवी बेटियों संग फैला रही थी अशांति, पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में किया मुकदमा दर्ज

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ऋषिकेश पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में वांछित हिस्ट्रीशीटर गुरुचरण को चंद्रेश्वरनगर से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान भीड़ एकत्र कर पुलिस के खिलाफ भड़काने और सरकारी काम में बाधा के आरोप में गुरुचरण के साा उसकी पत्नी और तीन बेटियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर गुरुचरण एनडीपीएस के मामले में वांछित था। उस पर 47 मुकदमे और उसकी हिस्ट्रीशीटर पत्नी शांति देवी पर 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को गुरुचरण की लंबे समय से तलाश थी। बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गुरुचरण चंद्रेश्वरनगर में है।

सूचना पर उपनिरीक्षक दिनेश राणा, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने जैसे ही गुरुचरण को हिरासत में लेने की कोशिश की तो वह विरोध करते हुए चिल्लाने लगा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुटने लगी। आरोप है कि इसबीच उसकी पत्नी शांति देवी और तीनों बेटियों सोनिया, सोनम व रानी ने पुलिस जवानों के साथ धक्का मुक्की और गालीगलौज किया। पुलिस को झूठे मुकदमे में फसाने की धमकी भी दी। मौके पर भीड़ जमा होने पर एसओजी प्रभारी विनोद कुमार ने कोतवाली से और फोर्स मंगाई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक उत्तम रमोला भी मयफोर्स मौके पर पंहुचे। जिसके बाद गुरुचरण की पत्नी व तीनों बेटियां मौके से भाग गई और पुलिस ने गुरुचरण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तारी से बचने और पुलिस टीम का विरोध कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर गुरुचरण, उसकी पत्नी शांति देवी और तीनों बेटियों पर केस दर्ज कर लिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!