पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को कांग्रेसजनों की श्रद्धांजलि

7

 

सूचना क्रान्ति, पंचायतों को अधिकार और युवाओं को मतदान का अधिकार देने में राजीव गांधी का योगदान अतुलनीय : गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आधुनिक भारत के निर्माता, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के शहादत दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन, 21 राजपुर रोड, देहरादून में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान “राजीव गांधी अमर रहें” तथा “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” जैसे नारे भी लगाए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी भारत में सूचना क्रान्ति के जनक थे। उन्होंने देश को आधुनिक तकनीक, संचार और कंप्यूटर क्रान्ति की दिशा में आगे बढ़ाया तथा भारत को विश्व के शक्तिशाली और सम्पन्न राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायतों को अधिकार सम्पन्न बनाने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने तथा लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की ऐतिहासिक पहल की थी। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस सूचना एवं तकनीकी क्रान्ति के दौर में विश्व में अपनी पहचान बना रहा है, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से पंचायतों को मजबूत एवं अधिकार सम्पन्न बनाने के पक्ष में रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्वकाल में संविधान के 73वें एवं 74वें संशोधन के माध्यम से पंचायतों और स्थानीय निकायों को अधिक शक्तियां प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था, जो आज साकार होता दिखाई दे रहा है।

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने स्वर्गीय राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उन्होंने सूचना क्रान्ति के साथ-साथ पंचायतों की स्वायत्तता और महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का श्रेय भी राजीव गांधी को जाता है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, राजेन्द्र शाह, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र रांगड़, अजय सिंह, प्रवक्ता अभिनव थापर, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, गोदावरी थापली, अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी, शीशपाल बिष्ट, बलवीर सिंह, पिया थापा, बब्बन सती, जगदीश धीमान, अखिलेश उनियाल, उपेन्द्र थापली, यशपाल चौहान, टीटू त्यागी, सूरत सिंह नेगी, श्रम कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश कौशल, जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।