पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

51

देहरादून। प्रदेश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में जबरदस्त उबाल आ गया है। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के बीच कथित बातचीत के ऑडियो -वीडियो वायरल होने के बाद मामला नया मोड़ ले चुका है। वायरल सामग्री में भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम सामने आने से सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और यूकेडी ने इस मामले को सत्ता के संरक्षण से जोड़ते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है और निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस सियासी घमासान के चलते सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर पर दर्ज हुआ मुकदमा है। हरिद्वार के बहादराबाद थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार (निवासी अत्मलपुर बोगला, बहादराबाद) ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत कुमार गौतम के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक, झूठे और तथ्यहीन वीडियो व बयान प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। शिकायत में कहा गया कि इससे रविदासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में वैमनस्य का माहौल बन रहा है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि सुरेश राठौर का दुष्यंत गौतम से रविदास पीठ में वर्चस्व को लेकर पुराना विवाद है और इसी रंजिश के चलते यह कथित साजिश रची गई। थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि, “तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी आरोप
विवाद को और हवा देते हुए उर्मिला सनावर ने बुधवार को सोशल मीडिया पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी गंभीर आरोप लगाए। उर्मिला का दावा है कि वह उनसे कई बार मिल चुकी हैं और उन्होंने ही उन्हें ज्वालापुर सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था। उर्मिला ने ऑडियो और फोटो सार्वजनिक करने की चेतावनी भी दी, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली और तेज हो गई है।


इस पूरे घटनाक्रम पर अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि यदि उर्मिला सनावर के पास इस हत्याकांड से जुड़े कोई भी अहम सबूत हैं, तो उन्हें तुरंत अदालत के सामने पेश करना चाहिए।
सोनी देवी ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल हर व्यक्ति, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने भावुक होकर दोहराया कि उनकी बेटी ने किसी भी तरह के अनैतिक कार्य से इनकार किया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

उर्मिला की सुरक्षा की मांग
अंकिता की मां ने आशंका जताई कि जिस तरह उनकी बेटी के साथ हुआ, कहीं वैसी ही कोई अनहोनी उर्मिला सनावर के साथ न हो जाए। उन्होंने प्रशासन से उर्मिला की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल अंकिता का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा यह नया विवाद एक बार फिर प्रदेश की राजनीति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने -बाने को झकझोर रहा है। अब सबकी नजरें पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।