प्रदेश में कईं विभागों के 400 से अधिक पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती, कर लें तैयारी

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। नौकरी की तलाश कर रहे प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए शीघ्र ही अच्छी खबर आने वाली है। प्रदेश सरकार तीन विभागों में नई भर्तियां शुरू करने जा रही हैं। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार अगले 15 दिन में यह भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिसमें मुख्य रुप से अग्निशमन विभाग, सांख्यिकी विभाग और जूनियर इंजीनियर के पदों पर भर्ती की जानी है। इसके अतिरिक्त पर्यटन विभाग में 51 पदों पर भी भर्ती किए जाने का प्रस्ताव आयोग को भेज दिया गया है।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार अग्निशमन विभाग में हेड कांस्टेबल के करीब 200 पदों, सांख्यिकी विभाग में करीब 100 पदों के साथ ही विभिन्न विभागों में जूनियर इंजीनियर के करीब 50 पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी। हालांकि, इन तीनों भर्तियों के लिए प्रस्ताव, पहले ही आयोग को प्राप्त हो चुके हैं। जिसका अध्ययन करने के बाद, अब नोटिफिकेशन तैयार किया जा रहा है। लिहाजा अगले 15 दिनों के भीतर इन सभी पदों पर भर्ती किए जाने का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।

इसी तरह उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में भी विभिन्न श्रेणियों में खाली पड़े पदों की भर्ती के लिए विभाग ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को प्रस्ताव भेज दिए हैं। जिन प्रस्ताव पर अध्ययन किया जाना बाकी है। ऐसे में आयोग द्वारा इन प्रस्ताव पर अध्ययन करने के बाद नोटिफिकेशन की तैयारी की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा कनिष्ठ सहायक, सहायक लेखाकार समेत करीब 51 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!