प्रदेश में समय पर ही होंगे निकाय चुनाव: मुख्यमंत्री

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में निकाय चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग तय समय पर ही निकाय चुनाव कराएगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के हाल के विधानसभा चुनाव के परिणामों का उत्तराखंड के निकाय एवं लोकसभा चुनावों में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। कहा कि बीजेपी चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट विस्तार एवं दायित्वों का वितरण भी समय आने पर पूरा कर लिया जाएगा। शुक्रवार को यहां सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की निकाय चुनावों को टालने की कोई मंशा नहीं है।

राज्य निर्वाचन आयोग निकायों के चुनावों को लेकर निर्धारित समय पर सभी कार्यवाही संपन्न कराएगा। राज्य में जिला पंचायत अध्यक्ष को सीधे जनता द्वारा चुने जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहले से चली आ रही परंपरा के मुताबिक ही पंचायतों के चुनाव कराए जाएंगे। यदि आवश्यकता पड़ी तो चर्चा के बाद इस मामले में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक योजनाओं का फायदा पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है। कैबिनेट विस्तार एवं दायित्व वितरण लंबित होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्य भी समय आने पर पूरा कर लिया जाएगा।

अतिक्रमण हटाने में नहीं हो रहा कोई उत्पीड़न:
मुख्यमंत्री धामी ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर हो रहे लोगों के उत्पीड़न के केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस अभियान में किसी का उत्पीड़न नहीं किया जा रहा है। पहले से जंगलों, गोठों एवं खत्तों में बसे लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सिर्फ धर्म की आड़ में सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ ही कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार की शिकायत तुरंत 1064 नंबर पर करें
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में विजिलेंस के नंबर 1064 को प्रचारित करा दिया गया है। अब किसी भी सरकारी दफ्तर में भ्रष्टाचार का मामला सामने आने पर लोग सीधे इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विजिलेंस की टीम भी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में 22 हजार को मिलेगा रोजगार
सीएम धामी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। इसी क्रम में किच्छा स्थित खुरपिया फार्म क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित कर 22 हजार को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 7500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!