भाजपा के बागी पूर्व प्रत्याशी दुर्गेश लाल आधा दर्जन प्रधानों एवं समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। वर्ष 2017 में पुरोला विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी रहे दुर्गेश लाल अपने सैकड़ों समर्थकों सहित बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पुरोला विधानसभा से भाजपा से बागी होकर रवाईं जन एकता मंच के सहयोग से विधानसभा प्रत्याशी रहे दुर्गेश लाल ने अपने सैंकडों साथियों के साथ कांग्रेस पार्टी की रीति नीतियों तथा श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि पुरोला विधानसभा में 2017 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े दुर्गेश लाल एवं उनके साथियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश की एकमात्र पार्टी है जिसने हर वर्ग, जाति व हर धर्म का सम्मान किया है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है जो सभी धर्मों, वर्गों, सम्प्रदायों एवं जातियों का सम्मान करती है। कांग्रेस पार्टी ने आजादी से लेकर आज तक राजनीति के साथ-साथ समाज सुधारक के रूप में भी काम किया है तथा समाज को एक नई दिशा दी है। चाहे लोकसभा चुनाव हों, या विधानसभा चुनाव भाजपा ने झूठे वादे करने के अलावा कुछ नहीं किया। भाजपा की प्रदेश सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में मंहगाई, भ्रष्टाचार तथा लोकतंत्र को तार-तार करने के सिवा कुछ नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार को जोड़ने के साथ ही जो कठिन समय में पार्टी के साथ रहेें हैं उन कांग्रेसजनों के हितों की भी रक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि दुर्गेश लाल एवं उनके साथियों के कांग्रेस पार्टी में जुडने से पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी।

दुर्गेश लाल के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में रवाई जन एकता मंच के संयोजक चन्द्र सिंह रावत, रवाई जन एकता मंच के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह चौहान, सचिव गुलाब सिंह रावत, प्रधान सतीश चौहान, महावीर सिंह राणा, जयराम चौहान, मारखण्डी, प्रदीप रावत, प्रधान जोगेन्द्र सिंह, सुरेश, प्रधान श्याम लाल, प्रधान मनीष, प्रधान विक्रम, प्रधान हरदेव, प्रधान जीवन लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश, देवेश्वर लाल, ग्रोबर यूनियन के अध्यक्ष विनोद रावत आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!