भाजपा नेता ने रचाई दूसरी शादी, पुलिस चौकी में भिड़ीं दोनों पत्नियां

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। प्रदेश में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर द्वारा दूसरी शादी रचाने का मामला अभी चल ही रहा था कि एक और भाजपा नेता द्वारा पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले में भाजपा नेता ने पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी कर ली। मामला उस समय सामने आया जब पुलिस चौकी में दोनों पत्नियां आमने-सामने आ गईं और जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के अनुसार, सुनील पाल हरिद्वार के विकास कॉलोनी, राजा गार्डन, कनखल थाना क्षेत्र निवासी हैं। वे भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष और वर्तमान में बहादराबाद मंडल महामंत्री हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी पड़ोस में रहने वाली युवती से कोर्ट मैरिज कर ली, जबकि उनकी पहली पत्नी से अभी तलाक नहीं हुआ है।

पड़ोस की लड़की से छुपकर रचाई शादी
बताया जा रहा है कि सुनील पाल का पड़ोस में रहने वाली एक युवती से करीबी रिश्ता था। कुछ समय पहले उन्होंने उस युवती से कोर्ट को गुमराह करते हुए कोर्ट मैरिज कर ली। यह बात लड़की के परिजनों को तब पता चली जब उनकी बेटी सुनील पाल के घर रहने लगी। विरोध करने पर परिजनों ने सुनील के घर पहुंच कर अपनी बेटी से झगड़ा कर दिया, जिसके बाद सुनील पाल ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस चौकी में भिड़ीं दोनों पत्नियां
जगजीतपुर चौकी में जब पुलिस दोनों पक्षों को लाई, तो थोड़ी देर बाद सुनील पाल की पहली पत्नी भी वहां पहुंच गई। जैसे ही उसे अपने पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली, उसने पति और कथित दूसरी पत्नी को खूब खरी-खोटी सुनाई। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस चौकी में माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि, किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी, जिसके चलते पुलिस ने समझाने बुझाने के बाद सभी को वापस भेज दिया।

पहली पत्नी से है 8 साल का बेटा
सूत्रों के मुताबिक सुनील पाल की पहली शादी से उनका एक करीब 8 साल का बेटा भी है। ऐसे में बिना तलाक दूसरी शादी करना कानूनी रूप से गंभीर मामला बन सकता है। और यह समान नागरिक संहिता (UCC) का भी उल्लंघन है। अब निगाहें भाजपा पर हैं कि वह अपने युवा मोर्चा नेता पर क्या कार्रवाई करती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!