भाजपा ने रोका बस्तियों का विकास: जोत सिंह गुनसोला

MS Malik
By
4 Min Read

देहरादून। सोमवार को मसूरी विधानसभा के काठ बंगला राजपुर में क्षेत्रीय पार्षद विमला थापा द्वारा एक चुनावी सभा का आयोजन किया गया।

सभा को सम्बोधित करते हुए टिहरी लोकसभा प्रत्याशी जोत सिंह गुणसोला ने भाजपा सांसद महारानी राज्य लक्ष्मी शाह एवं डबल इंजन की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है और पहाड़ के लगभग हर परिवार से कोई ना कोई सेना में भर्ती रहकर देश की सेवा करता है। भाजपा सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर प्रदेश के युवाओं के भविष्य को चौपट करने का कार्य किया है जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। अंकिता भंडारी के हत्यारों को आज तक सजा नही मिल पाई है। अंकिता के परिजनों ने धरना प्रदर्शन करने से लेकर हर प्रकार से इंसाफ के लिए सरकार से गुहार लगाई है परंतु गूंगी बहरी सरकार को कोई असर नहीं पड़ा।

उन्होंने मलिन बस्तियों के मुददे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान बस्तियों को नियमित करने के लिए कानून बनाने का काम राजपुर रोड के तत्कालीन विधायक राजकुमार द्वारा कराया गया था जिसके तहत एक हज़ार लोगों को प्रदेश में मालिकाना हक़ भी दिया गया यदि 2017 में दोबारा कांग्रेस की सरकार बन गई होती तो आज हर बस्तीवासी को मालिकाना हक़ मिल गया होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के द्वारा ही 400 करोड़ रुपए का बजट भी बस्तियों के विकास के लिए जारी किया गया था। परन्तु भाजपा सरकार ने आते ही बस्तियों के विकास के कार्य को पूरी तरह से ठप्प कर दिया। आज कई बस्तियों के लोग पानी, बिजली, नाली और सड़क के लिए जनप्रतिनिधियों से लगातार गुहार लगा रहे हैं परन्तु भाजपा के लोगों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने बस्ती के लोगों को वोट बैंक समझ लिया है और झूठे वादे कर वोट हासिल करना इनका शगल बन गया है।

उन्होंने सांसद महारानी राज्य लक्ष्मी शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सांसद ने पिछले 12 साल के कार्यकाल में टिहरी लोकसभा की किसी भी समस्या के लिए कभी संसद में आवाज नही उठाई सांसद कभी जनता के बीच तक आना गवारा नहीं समझती। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कहा कि अब राजशाही का दौर नही है अब राजा वोट की ताकत से बनता है जितना कीमती वोट किसी बड़े धनवान व्यक्ति का होता है उतना ही कीमती वोट एक मजदूर का भी होता है। अब यह जनता को तय करना है कि उसे कभी दिखाई नही देने वाला सांसद चाहिए या फिर हर समय जनता के बीच रहने वाला सांसद चाहिए। जनता ने हाथ उठाकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रही श्रीमति गोदावरी थापली, क्षेत्रीय पार्षद उर्मिला थापा, मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, पार्षद सुशांत बोहरा, बांके बिहारी आदि ने भी सम्बोधित किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!