राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा कांग्रेस ओबीसी विभाग

6

 

देहरादून पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, कांग्रेस भवन में राजीव गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

देहरादून। आगामी 17 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे एवं “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद देहरादून पहुंचे, जहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।

 

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के बाद डॉ. अनिल जयहिंद ने कांग्रेस भवन परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राजीव गांधी के देश के विकास, आधुनिक भारत के निर्माण और युवाओं को सशक्त बनाने में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर कांग्रेस ओबीसी विभाग के पर्यवेक्षक विकास खत्री, प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी, सुधीर चौधरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट मुजतबा मलिक, मोहन सिंह खत्री सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डॉ. अनिल जयहिंद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला एक मजबूत संगठन है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी एक गुलदस्ता है और हम सभी कार्यकर्ता इस गुलदस्ते की शान हैं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आगामी 17 जुलाई 2026 को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में ओबीसी विभाग की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से उनका यह दौरा आयोजित किया गया है। डॉ. जयहिंद ने कहा कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम प्रदेश के छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि आदरणीय राहुल गांधी जी के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देना होगा, ताकि यह आयोजन पूरी तरह सफल और यादगार बन सके। बैठक के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।