रिश्वतखोर GST अधिकारी गिरफ्तार, रिश्वत में ली गई 60 लाख की रकम भी बरामद

MS Malik
By
2 Min Read

नई दिल्ली। जीएसटी से जुड़े एक मामले में मदद करने के बदले एक करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने जीएसटी महानिदेशक निदेशालय गाजियाबाद में तैनात सीनियर इंटेलिजेंस ऑफिसर मोहित धनखड़ समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. रिश्वत के तौर पर ली जा रही 60 लाख रुपये की पहली किस्त की रकम भी बरामद हुई है. दोनों की गिरफ्तारी के बाद इनके ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

सीबीआई प्रवक्ता आरसी जोशी के मुताबिक जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें जीएसटी गाजियाबाद में तैनात सीनियर इंटेलिजेंस अधिकारी मोहित धनकर और एक निजी व्यक्ति राकेश शर्मा शामिल है. इस मामले में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा को शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि यह सीनियर इंटेलिजेंस अधिकारी उसके पिता की कंपनी के एक जीएसटी मामले में मदद करने के बदले एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांग रहा था. यह भी आरोप था कि उक्त अधिकारी द्वारा यह भी धमकी दी गई थी कि यदि रिश्वत की रकम नहीं दी गई तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. यह अधिकारी गाजियाबाद की जीएसटी आसूचना महानिदेशालय में तैनात था, जहां स्वयं आयुक्त बैठते हैं।

सूचना के आधार पर सीबीआई ने मामले की आरंभिक जांच की इस जांच के दौरान पाया गया कि यह अधिकारी रिश्वत की रकम एक निजी व्यक्ति को पहुंचाने के लिए कह रहा है. सूचना के आधार पर सीबीआई ने विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया, उसके बाद जाल बिछाकर 60 लाख रुपये की रिश्वत ले रहे दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. सीबीआई के मुताबिक गिरफ्तारी के फौरन बाद दोनों के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई जारी है. गिरफ्तार लोगों को सोमवार को सीबीआई की विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा. मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!