होटल कारोबारी के घर में घुसे हथियारबंद बदमाश, नगदी और लाखों के जेवर लेकर फरार

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

होटल कारोबारी और कांग्रेसी नेता की पुत्री को हथियारों की नोक पर बंधक बना कर लाखों के जेवरात लूट ले गए, रिवॉल्वर को कार्टेज भी लेकर चलते बने, खुद को बताया सुशील राठी गिरोह का सदस्य, पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए जिले भर में चला रही कॉम्बिंग अभियान

देहरादून। हरिद्वार की भेल उपनगरी की पॉश कॉलोनी शिवालिक नगर में तीन हथियारबंद बदमाशों ने होटल कारोबारी और कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गुलबीर सिंह की बेटी को असलहे की नोक पर बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से नकदी, 20 तोले सोने के जेवरात और रिवॉल्वर की कार्टेज समेत कारोबारी की कार लेकर फरार हो गए। कार को बाद में हरिद्वार- दिल्ली हाईवे पर छोड़ दिया गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शिवालिक नगर के के-कलस्टर में होटल कारोबारी और कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुलबीर चौधरी अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वे रोज की तरह सामने पार्क में टहलने गए थे। इसी दौरान उनकी बेटी मोना चौधरी घर पर अकेली थी। तभी तीन हथियार बंद बदमाश अचानक घर में घुस आए और युवती को हथियारों की नोक पर धमकाते हुए अंदर ले गए और बाथरूम में बंद कर दिया। गुलबीर के सुपुत्र तुषार चौधरी ने बताया कि बदमाशों ने घर को खंगालते हुए करीब ₹20000 नगदी, 20 तोले सोने के जेवरात और रिवॉल्वर की कार्टेज सहित कार भी चुरा ले गए। हालांकि बाद में कार को पथरी पावर हाउस के समीप छोड़ गए। तुषार चौधरी ने बताया कि जाते जाते डकैत अपने आप को सुनील राठी गैंग का नाम बताते हुए फरार हो गए। जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। वारदात की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए जिले भर में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस दौरान कुख्यात सुनील राठी गैंग का नाम भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।दिनदहाड़े हुईं डकैती पर कांग्रेस ने धामी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस का खौफ समाप्त हो गया है और चोरों और डकैतों के हौंसले बुलंद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!