11राज्यों की 59 विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीती 40 सीटें, कांग्रेस 12 पर सिमटी

MS Malik
By
4 Min Read

नयी दिल्ली। बिहार विधानसभा के साथ 11 राज्यों की 59 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपना परचम लहराते हुए शानदार तरीके से 40 सीटें अपने नाम कर ली जबकि कांग्रेस को केवल 12 सीटों पर संतोष करना पड़ा है।
चुनाव आयोग की तरफ मंगलवार देर रात जारी उपचुनाव के नतीजों के अनुसार भाजपा ने मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनावों में से 19 सीटों पर जीत हासिल करते हुए राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखना सुनिश्चित कर लिया है।

मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 सीटें हैं और इस जीत के बाद भाजपा के पास अब 126 सीटें हो गई हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस नौ सीटों पर जीतने में ही कामयाब हो सकी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का फिर से सत्ता पर काबिज होने का सपना टूट गया।राज्य में भाजपा को 49.5 प्रतिशत मत मिले है जबकि कांग्रेस को 40.5 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया।

गुजरात में भाजपा ने अपनी लाेकप्रियता बरकरार रखते हुए आठ सीटों पर हुए उप चुनावों में सभी पर जीत दर्ज कर ली है। राज्य में कांग्रेस ने इन चुनावों में बहुत खराब प्रदर्शन किया है और उसका कोई उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सका। राज्य में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के कारण ही ये उपचुनाव कराये गये। यहां भाजपा को 55.1 प्रतिशत और कांग्रेस को 34.3 प्रतिशत मत मिले है।

उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर हुए उप चुनावों में भाजपा छह सीटों पर जीत गयी है और एक सीट समाजवादी पार्टी की झोली में गयी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को 36.7 प्रतिशत और सपा को 23.6 प्रतिशत मत मिले है।

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी पांच सीटों पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने चार पर जीत हासिल कर ली है और एक सीट निर्दलीय ने जीत ली है। यहां भाजपा को 40.5 फीसदी वोट मिले है।

कर्नाटक में दो सीट पर हुए उप चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने दाेनों सीटों पर बाजी मार ली है और राज्य में भाजपा को बंपर 51.7 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं।

तेलंगाना में भी एक सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति के उम्मीदवार को मात देते हुए विजय हासिल की और उसे 38.5 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया। इस जीत के साथ राज्य में भाजपा के दो विधायक हो गए हैं।

ओडिशा की दो सीटों पर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल को जीत मिली हैं और भाजपा कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर सकी। सत्तारूढ़ पार्टी को यहां 52.4 प्रतिशत मत मिले।

इसके अलावा हरियाणा में एक मात्र बरोदा सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारते हुए भाजपा के योगेश्वर दत्त को पछाड़ दिया है। वही पूर्वोत्तर के और राज्य नागालैंड में दो सीटों पर हुए उप चुनाव में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी को एक तथा एक पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली हैं।

झारखंड में दो सीटों पर उप चुनाव कराये गये जहां एक पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की और एक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जीत हासिल की है तथा छत्तीसगढ़ में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस ने एक मात्र सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 56.1 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!