दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने संगठन को और सशक्त बनाने का दिया संदेश
नई दिल्ली। 5 राज्यों में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनावों के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने की। इस अवसर पर देशभर से आए राज्यों के चेयरपर्सन, राष्ट्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठ प्रतिनिधि तथा संगठन के विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहे पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनावों के दौरान संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करना, चुनावी अनुभवों को साझा करना तथा भविष्य की रणनीतियों को अधिक प्रभावी एवं संगठित रूप देना था। बैठक में चुनावी राज्यों में अल्पसंख्यक विभाग की सक्रिय भागीदारी, संगठनात्मक मजबूती तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी ने सभी राज्यों से आए पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण और निष्ठा के साथ संगठन के लिए कार्य किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अल्पसंख्यक विभाग हमेशा से सामाजिक न्याय, भाईचारे एवं संविधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाया जाएगा।
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी राज्यों के प्रतिनिधियों से संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, सोशल मीडिया एवं जनसंपर्क तंत्र को मजबूत करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

उत्तराखंड अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा विभिन्न राज्यों एवं विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई थी। इन पर्यवेक्षकों ने चुनावी गतिविधियों के दौरान क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने तथा कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि विभाग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक पहुंचकर जनसंपर्क अभियान चलाया तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया। चुनाव के दौरान अल्पसंख्यक विभाग ने सामाजिक समरसता, संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच उठाया।
बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने, बूथ स्तर तक नई टीमों के गठन तथा विभिन्न राज्यों में विशेष अभियान चलाने को लेकर भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय चेयरमैन ने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही राज्यवार समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रत्येक राज्य की संगठनात्मक स्थिति, चुनावी अनुभवों तथा भविष्य की रणनीति पर अलग-अलग विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया तथा कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।












