करोड़ों की ज़मीन धोखाधडी मामले में Architect समेत 3 गिरफ्तार

MS Malik
By
5 Min Read

देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में सीनियर आर्किटेक्ट सहित 03 अभियुक्तों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों द्वारा कूटरचित दस्तावेजो के आधार पर भदोही उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित कपडा व्यापारी की राजपुर स्थित भूमि किसी अन्य को बेच दी।

थाना राजपुर पर दिनांक 10.06.2024 को वादी राकेश बत्ता निवासी 19 महंत रोड लक्ष्मण चौक देहरादून ने तहरीर दी कि गिरीश कोटियाल, दिनेश कुमार अग्रवाल (वरिष्ठ आर्किटेक्ट) व राजीव कुमार नाम के व्यक्ति ने उन्हें राजपुर रोड स्थित एक प्लॉट (677.25 वर्ग मी0 मौजा धौरण खास) में दिखाया, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये थी और बताया कि यह अरशद कय्यूम नाम के व्यक्ति की है जो उनका जानने वाला है तथा वे उससे बात करके उक्त प्लाट की रजिस्ट्री वादी के नाम पर करवा देंगे, उसके पश्चात उक्त तीनों व्यक्तियों ने वादी की अरशद क्य्यूम नाम के व्यक्ति से मुलाकात कराई। अभियुक्तगणो द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर वादी को धोखा देकर उससे एक इकरारनामा बनाया गया और अरशद कय्यूम के नाम पर 55 लाख रुपये खाते में तथा 25 लाख नकद लिए गये, जब वादी राकेश बत्ता उक्त प्लॉट में कब्जा लेने पहुंचा तो वहां पर अरशद कय्यूम नाम का व्यक्ति मौजूद मिला, जिसके द्वारा अपनी प्रॉपर्टी के पेपर दिखाते हुए उक्त प्रॉपर्टी को अपना बताया। जिस पर वादी को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी हुई। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0 132/2024 धारा 419/420/467/468/471/120बी भादवि0 पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गयी।
दौराने विवेचना प्रकाश मे आया कि गिरीश कोठियाल, दिनेश अग्रवाल, राजीव कुमार द्वारा संगठित रुप से षड़यन्त्र के तहत आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया तथा बदले में वादी राकेश बत्ता से 2 करोड़ के चैक एवं 80 लाख रुपये प्राप्त कर लिये गये। साक्ष्यो के आधार पर थाना राजपुर पुलिस द्वारा अभियुक्त गिरीश कोठियाल एवं दिनेश अग्रवाल को थाना राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया तथा अभियोग में नामजद एक अन्य अभियुक्त राजीव कुमार, जो थाना राजपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 236/2023 धारा 420/467/468/471/120बी भादवि0 में भी वांछित चल रहा था, उसे THDC कालोनी देहराखास पटेलनगर देहरादून से गिरफ्तार किया गया। अभियोग में वांछित अभियुक्त इमाम एवं फर्जी अरशद कय्यूम की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर टीमें गठित कर रवाना की गयी है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि धोरण खास में उन्हें एक भूमि की जानकारी मिली थी, जो भदोही उ0प्र0 निवासी अरशद कय्यूम के नाम पर थी तथा जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये थी। उसको बेचकर मोटी कमाई करने के मंशा से अभियुक्तों द्वारा उस प्रॉपर्टी का असली वारिस अरशद कय्यूम के नाम के अन्य व्यक्ति की तलाश की। अभियुक्त दिनेश अग्रवाल के पास एक इमाम नाम का व्यक्ति रहता था जो अपने को सिकरोड़ा भगवानपुर का निवासी बताता था। इमाम ने बताया कि अरशद कय्यूम नाम का व्यक्ति भगवानपुर में रहता है, जिससे वह उनकी बात करवा सकता है। उसके बाद सभी अभियुक्त दिनेश अग्रवाल के घर पर मिले और पूरी योजना से फर्जी अरशद कय्यूम को अवगत कराया। उसके पश्चात सभी अभियुक्तों ने फर्जी अरशद कय्यूम की मुलाकात द्रोण होटल में वादी राकेश बत्ता से कराई तथा वादी को यकीन दिलाया की यही असली अरशद कय्यूम है, फिर अभियुक्तो द्वारा उस प्रॉपर्टी की डील वादी से करते हुए उसके एवज में वादी से 80 लाख रुपये नगद व बैंक खातों में एवं दो करोड के दो चैक लिये गये थे, शेष पैसा रजिस्ट्री के दिन देने की बात तय हुई थी।

आपराधिक इतिहास
अभियुक्त राजीव कुमार के विरुद्ध थाना राजपुर में धोखाधड़ी के दो अभियोग पंजीकृत है, अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

नाम पता अभियुक्तगण :-
1- गिरीश कोठियाल पुत्र स्वर्गीय चंद्रमणि निवासी हरीपुर नवादा थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून, उम्र 43 वर्ष

2- दिनेश अग्रवाल पुत्र जयराम अग्रवाल निवासी रेस कोर्स थाना कोतवाली, देहरादून, उम्र 67 वर्ष

3- राजीव कुमार पुत्र दाताराम निवासी ग्राम रावटी थाना हीमपुर जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 52 वर्ष।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!