पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर होगी कार्यवाही: भट्ट 

MS Malik
By
2 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा ने निकाय चुनावों में अनुशासनहीनता के मामले में अपने कार्यकर्ताओं को कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी सर्वोपरि है और सर्वसम्मति से किए गए निर्णय सभी के लिए बाध्यकारी हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द नामांकन वापसी की प्रक्रिया को पूरा करें, ताकि पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में एकजुटता बनी रहे।

भट्ट ने कहा कि अधिकांश स्थानों पर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय नामांकन किया था, वे अब वापस ले लिए गए हैं। इन कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सिद्धांतों और अनुशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने उन कार्यकर्ताओं को भी चेतावनी दी है जो अब तक नाम वापसी का निर्णय नहीं ले पाए हैं। भट्ट ने कहा कि यदि ऐसा कोई कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ेगा, तो उस पर पार्टी संविधान के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसके तहत उसे 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने जिम्मेदार पदाधिकारियों से भी अपील की कि वे व्यक्तिगत हितों को छोड़कर पार्टी और प्रदेश हित में एकजुटता बनाए रखें। उन्होंने विश्वास जताया कि अंतिम तिथि के पहले सभी कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में खड़े हो जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!