कमाई के मामले में भाजपा के थपलियाल से कहीं आगे हैं कांग्रेस के पोखरियाल

MS Malik
By
4 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित महापौर पद पर कब्जे के लिए 10 प्रत्याशी मेडन में हैं। जिनमें पांच निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी रण में दमखम दिखाने को तैयार हैं। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी प्रचार में जुट गए हैं और दोनों पार्टियां महापौर पद कब्जाने के लिए जोर लगा रही हैं। नामांकन में सभी प्रत्याशियों ने अपनी चल-अचल संपत्ति और देनदारियों का ब्योरा भी उपलब्ध कराया है। भाजपा प्रत्याशी सौरभ थपलियाल और कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल पहली बार महापौर पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें संपत्ति के लिहाज से वीरेंद्र पोखरियाल काफी आगे नजर आ रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति करोड़ों में है, जबकि सौरभ थपलियाल के बैंक खातों में करीब तीन लाख रुपये जमा हैं। इसके अलावा सौरभ ने अपनी आय का साधन कृषि को बताया है। जिससे उन्हें सालाना पांच लाख रुपये की आय होती है। वहीं, वीरेंद्र पोखरियाल ने विभिन्न शेयर व बांड में निवेश किया है, जिससे उन्हें 20 लाख रुपये वार्षिक आय होती है। दोनों ही प्रत्याशियों की पत्नियों के नाम पर भी कुछ संपत्ति है।

सौरभ थपलियाल के पास 90 हजार रुपये कैश है। जबकि, बैंक खाते में एक लाख 90 हजार रुपये जमा हैं। वहीं, पत्नी के पास 55 हजार रुपये कैश व 1.80 लाख रुपये बैंक खाते में हैं। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी के पास एक मारुति डिजायर कार, एक पल्सर बाइक और एक स्कूटी है। जबकि, उनके और उनकी पत्नी के पास कुल 14 तोला सोना है, जिसका वर्तमान मूल्य करीब 10 लाख रुपये है। सौरभ थपलियाल ने साढ़े तीन लाख रुपये कवर की एलआइसी पालिसी और सात लाख रुपये बीमा कवर की रिलांयस की पालिसी ली है। अचल संपत्ति में सौरभ थपलियाल ने एक बीघा पैतृक भूमि दर्शायी है, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये है। साथ ही 95 लाख रुपये की लागत का दो मंजिला मकान भी सौरभ के नाम पर है। सौरभ थपलियाल के ऊपर कोई बैंक या अन्य माध्यमों से ऋण नहीं है।

कांग्रेस प्रत्याशी विरेंद्र पोखरियाल के पास 20 हजार रुपये कैश है। जबकि, बैंक खाते में करीब 34 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने चार लाख से अधिक मूल्य के बांड भी खरीद रखे हैं। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास भी बैंक में ढाई लाख रुपये और पांच लाख 65 हजार रुपये के शेयर हैं, जिन पर करीब एक लाख रुपये का सालाना डिविडेंट प्राप्त हो रहा है। पोखरियाल दंपती के पास पुश्तैनी व स्वयं खरीदे जेवर 25 तोला से अधिक यानि 21 लाख रुपये लागत के हैं। वीरेंद्र पोखरियाल के पास एक होंडा सिटी और एक मारुति इग्निस कार है, दोनों ही कार ऋण पर ली गई हैं और उनकी किश्त जा रही। पोखरियाल उत्तरांचल केबल नेटवर्क, भवानी एसोसिएट्स, अलाइट इन्फोटेक आदि कंपनियों में भी हिस्सेदार हैं। उन्होंने आसन कृषि उत्पादन एवं विपणन सहकारी समिति में 23 लाख रुपये से अधिक के शेयर खरीदे हैं, जिन पर चार लाख रुपये सालाना से अधिक का डिविडेंट उन्हें प्राप्त हो रहा है। अचल संपत्ति में कांग्रेस प्रत्याशी के पास साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत की कृषि भूमि है और लगभग साढ़े तीन करोड़ की लागत की अकृषि भूमि है। साथ ही एक करोड़ मूल्य का वाणिज्यिक व डेढ़ करोड़ का आवासी भवन भी है। पाेखरियाल ने अपनी आय का साधन बिजनेस दर्शाया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!