राजधानी में नक्शे के विपरीत बन रहे बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स पर गरजा MDDA का बुलडोजर

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

प्राधिकरण उपाध्यक्ष तिवारी ने दिखाया सख्त रुख, कांवली रोड पर नक्शे के विपरीत निर्माण करना पड़ा भारी

देहरादून। राजधानी देहरादून में इन दिनों अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के तेवर पूरी तरह बदले नजर आ रहे हैं। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के सख्त रुख के चलते अब सीलिंग के साथ ही बड़े- बडे निर्माण पर बुलडोजर के साथ ही हथौड़े बरसाए जा रहे हैं। दून की अतिव्यस्त कांवली रोड पर बहुमंजिला भवन का निर्माण नक्शे के विपरीत करना भारी पड़ गया। प्राधिकरण की टीम ने सीलिंग से आगे बढ़ते हुए सीधे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर दी। प्राधिकरण के ऐसे रुख को देखते हुए अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने गुरुवार को कांवली रोड क्षेत्र में चल रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को ध्वस्त कर साफ संदेश दिया है कि अब नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में राहत नहीं मिलेगी। प्राधिकरण ने यह कार्रवाई उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के कड़े निर्देशों के क्रम में संयुक्त सचिव गौरच चटवाल के आदेश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, श्याम सुंदर वैश्य स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य कर रहे थे। जिस पर प्राधिकरण ने जरा भी रहम नहीं दिखाया।

कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता अभिजीत थलवाल, सुपरवाइजर व पुलिस बल मौजूद रहे। यह कार्रवाई एमडीडीए के उस सख्त अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत शहर को योजनाबद्ध, सुव्यवस्थित और नियमबद्ध स्वरूप देने की दिशा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों पर अब चलेगा बुलडोज़र: सचिव मोहन सिंह बर्निया
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने साफ कहा कि एमडीडीए का उद्देश्य देहरादून को सुंदर, स्वच्छ और योजनाबद्ध शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि “बिना स्वीकृति निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि प्राधिकरण लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां तुरंत सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। शहर की संरचना और सौंदर्य से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी।

दून को अनुशासित और स्मार्ट सिटी बनाना ही प्राथमिकता: तिवारी
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दो टूक कहा कि एमडीडीए की शीर्ष प्राथमिकता शहर की सुंदरता, सुव्यवस्था और नियोजन को बनाए रखना है। उन्होंने कहा, “देहरादून को अव्यवस्थित विकास नहीं, अनुशासित दिशा चाहिए। कोई भी व्यक्ति अगर बिना स्वीकृति निर्माण करता है या भूमि काटकर बेचता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तय है।” उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले एमडीडीए से नक्शा स्वीकृत कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!