कांग्रेस ने की आधार कार्ड केन्द्रों की संख्या बढ़ाने की मांग, कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन 

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून महानगर में आधार सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त आधार केन्द्र खोले जाने की मांग को लेकर आज कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधायक राजकुमार एवं पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री के आवास पर पहुँचा, जहाँ उन्हें एक ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि देहरादून महानगर की वर्तमान आबादी लगभग 40 लाख के आसपास है, जबकि सरकार द्वारा अभी तक केवल दो आधार केन्द्र ही खोले गए हैं। इनमें से एक आधार केन्द्र ईसी रोड पर द्वारिका स्टोर के पास तथा दूसरा जीएमएस रोड पर स्थित है।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि द्वारिका स्टोर स्थित आधार केन्द्र को हरिद्वार स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे देहरादून के नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इतनी बड़ी आबादी वाले महानगर में कम से कम आधा दर्जन आधार केन्द्र होने चाहिए थे, लेकिन वर्तमान में केवल दो ही केन्द्र संचालित किए गए। अब यदि इनमें से भी एक केन्द्र को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाता है, तो आधार बनवाने, संशोधन कराने एवं अन्य सेवाओं के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी और भीड़ बढ़ने से समय की भी भारी बर्बादी होगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए द्वारिका स्टोर स्थित आधार केन्द्र को यथावत रखा जाए तथा इसके साथ ही देहरादून महानगर में कम से कम चार अतिरिक्त आधार केन्द्र शीघ्र खोले जाएँ, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पर्वतीय जनपदों में बढ़ते बाघों के हमलों का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने वन मंत्री का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है और जन-धन की सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस एवं कारगर कदम उठाने चाहिए।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा संबंधित विभागों से आवश्यक चर्चा कर उचित कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर भरत शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!