New year पर जाम छलकाना पड़ा भारी, पुलिस ने 62 को किया गिरफ्तार वाहन भी सीज

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 62 चालक गिरफ्तार, दून पुलिस ने सभी 62 वाहनों को किया सीज

देहरादून। नव वर्ष की पूर्व संध्या और नववर्ष के अवसर पर यातायात सुरक्षा को लेकर दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशों पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 62 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सभी 62 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

नव वर्ष के जश्न के दौरान देहरादून, मसूरी एवं आसपास के पर्यटक स्थलों पर भारी संख्या में पर्यटकों के आगमन को देखते हुए पुलिस द्वारा जनपद की सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर बैरियर लगाए गए। सभी वाहन चालकों की एल्कोमीटर के माध्यम से सघन चेकिंग की गई, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

एसएसपी देहरादून स्वयं देर रात्रि तक ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर पुलिस एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर की गई चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे 62 चालकों को मौके पर ही गिरफ्तार किया। सभी के वाहन सीज कर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दून पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे उत्सव के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!