भाजपा नेता ने किया महालक्ष्मी किट का वितरण

9

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत गढ़ी कैंट बोर्ड में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में गढ़ी कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।


इस अवसर पर विनोद पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद महिलाओं को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें राहत मिल सके और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से सरकार सीधे तौर पर महिलाओं के जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं को समझते हुए सहायता प्रदान कर रही है। महालक्ष्मी किट में शामिल सामग्री महिलाओं के घरेलू उपयोग में सहायक है और इससे उनके परिवार को भी लाभ मिलता है। किट प्राप्त करने वाली महिलाओं ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बेहद उपयोगी हैं। महिलाओं ने बताया कि महालक्ष्मी किट मिलने से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों में काफी सहूलियत मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना की सराहना करते हुए इसे महिला हित में एक प्रभावी पहल बताया। विनोद पंवार ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।