कांग्रेस ने मसूरी–दून मार्ग पर सिंगल वैली ब्रिज को डबल करने की मांग को लेकर किया धरना प्रदर्शन 

3
  • कांग्रेस ने मसूरी–दून मार्ग पर सिंगल वैली ब्रिज को डबल करने की मांग को लेकर किया धरना प्रदर्शन

देहरादून। मसूरी–देहरादून मार्ग पर शिव मंदिर के निकट स्थित सिंगल वैली ब्रिज के कारण उत्पन्न हो रही लगातार जाम की समस्या को लेकर कांग्रेस ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया।धरने के माध्यम से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस पुल को शीघ्र डबल लेन में परिवर्तित करने की मांग उठाई।


धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ और दिग्गज नेता एक मंच पर दिखाई दिए।

वक्ताओं ने कहा कि मसूरी –देहरादून मार्ग प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और आवागमन मार्गों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों स्थानीय वाहन, पर्यटक और व्यावसायिक यातायात गुजरता है। बावजूद इसके, शिव मंदिर के पास बना सिंगल वैली ब्रिज लगातार यातायात बाधित होने का मुख्य कारण बना हुआ है। पुल के संकरा होने के कारण यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस समस्या को कई बार प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना था कि लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इस पुल का चौड़ीकरण या डबल लेन में निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि अगले महीने से प्रदेश में चारधाम यात्रा के साथ ही पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में यदि समय रहते डबल ब्रिज की व्यवस्था नहीं की गई तो मसूरी–देहरादून मार्ग पर जाम की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्थायी समाधान होने तक यहां अस्थायी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस मांग पर गंभीरता नहीं दिखाई तो पार्टी जनता के हित में अपने संसाधनों से भी अस्थायी पुल निर्माण की पहल करने को तैयार है।

प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री श्रीमती गोदावरी थापली ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जनहित के इस विषय पर तत्काल ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि मसूरी–देहरादून मार्ग पर लगातार लगने वाला जाम न केवल स्थानीय लोगों बल्कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों के लिए भी बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है, इसलिए सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मसूरी के विधायक और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इतने महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार जाम की समस्या के बावजूद जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई प्रभावी पहल नहीं की गई, जिससे स्थानीय जनता में निराशा और आक्रोश है।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता और पर्यटकों को हो रही परेशानी के समाधान के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।