नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में संचालित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना रायपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां उपचार के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक देर रात कोरोनेशन जिला अस्पताल से एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान परविंदर सिंह (38 वर्ष) निवासी दुर्गा नगर, नसीरपुर, अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि परिजनों ने कुछ दिन पहले ही उसे नशा मुक्ति के लिए देहरादून के एक निजी डी-एडिक्शन सेंटर में भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि घटना की रात अचानक युवक की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद केंद्र के कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ ही उनकी मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई भी पूरी की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, स्टाफ की भूमिका और उपचार प्रक्रिया की गहन जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!