लूट के बाद भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, SHO घायल

32

 

देहरादून की शांत रात उस वक्त गोलियों की गूंज से दहल उठी जब लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों का पुलिस से आमना-सामना हो गया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा इलाके में der रात हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने पौंधा रोड पर एक व्यक्ति के घर में घुसकर उसे गोली मार दी और फिर उसकी सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए। घायल व्यक्ति की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पूरे इलाके में तत्काल अलर्ट जारी कर नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बदमाशों को प्रेमनगर इलाके में घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और एक बदमाश को मार गिराया।

हालांकि, इस मुठभेड़ में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को दो गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, घायल पीड़ित को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

एसएसपी देहरादून प्रेमेंद्र डोबाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सभी थानों को अलर्ट कर चेकिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते बदमाशों को जल्द ही ट्रेस कर लिया गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें SHO घायल हो गए और एक बदमाश मारा गया।

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के हरबंशवाला क्षेत्र में थाना बसंत विहार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरबंसवाला बैरियर पर थाना बसंत विहार पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर बिना नंबर प्लेट की एक नीली स्कूटी पर पड़ी, जिस पर दो संदिग्ध युवक सवार थे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो दोनों ने न केवल आदेश की अवहेलना की बल्कि बैरियर तोड़ते हुए तेजी से टी-स्टेट क्षेत्र की ओर भाग निकले।

 

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर खुद को घिरता देख एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने भी संयम और रणनीति के साथ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा आरोपी मौके से भागने में असफल रहा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

घायल आरोपी की पहचान अब्दुला (37) निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज सलमानी (33) वर्तमान में देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में दोनों के पास से एक-एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त नीली स्कूटी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।