देहरादून। हरिद्वार जिले में लक्सर क्षेत्र के एक निजी होटल में उस समय जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी को कथित प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पकड़े जाने के डर से युवक होटल की छत से कूदकर भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद गुस्साए पति और उसके परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार पति को पिछले कई दिनों से अपनी पत्नी पर शक था। बताया जा रहा है कि उसे सूचना मिली थी कि उसकी पत्नी एक अन्य युवक के साथ लक्सर क्षेत्र के एक निजी होटल में ठहरी हुई है। इसके बाद पति अपने कुछ रिश्तेदारों को साथ लेकर सीधे होटल पहुंच गया। अचानक पति और उसके परिजनों को सामने देखकर होटल में मौजूद युवक घबरा गया। युवक ने बचने के लिए होटल की छत से छलांग लगा दी और वहां से भागने का प्रयास किया। हालांकि होटल के बाहर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और वापस होटल परिसर में ले आए। इसके बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्से से भरे पति और उसके परिजनों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी।
होटल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण बन गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों में काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही।सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे क्षेत्र में इस घटनाक्रम की चर्चा बनी हुई है।












