AAP- Congress के बीच हुआ गठबन्धन का ऐलान, चंडीगढ़ और चार राज्यों में मिलकर लड़ेंगे दोनों दल

MS Malik
By
6 Min Read

नई दिल्ली। सीट शेयरिंग को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने शनिवार 24 फरवरी को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर गठबन्धन का ऐलान कर दिया। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में चंडीगढ़ और 4 राज्यों में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय हो गया। दिल्ली में AAP 4 सीटों पर और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में कांग्रेस 9 और AAP एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात में कांग्रेस 24 और AAP 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चंडीगढ़ की सीट कांग्रेस के खाते में गई है।

शनिवार को कांग्रेस की तरफ से मुकुल वासनिक और AAP नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी ने सीट शेयरिंग की औपचारिक घोषणा की। गोवा की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अपने कैंडिडेट उतारेगी। पंजाब में गठबंधन को लेकर कुछ नहीं कहा। कांग्रेस और AAP वहां पर अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी।

दिल्ली में 4-3 का फॉर्मूला निकाला
I.N.D.I.A की सदस्य AAP और कांग्रेस के बीच 23 फरवरी को दिल्ली में बैठक हुई थी। दिल्ली की 7 लोकसभा सीट के लिए दोनों पार्टियों ने 4-3 का फॉर्मूला निकाला। कांग्रेस तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इनमें चांदनी चौक, नॉर्थ वेस्ट और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की सीट हैं।

वहीं, AAP दिल्ली की चार सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसमें नई दिल्ली, साउथ दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और ईस्ट दिल्ली सीट का नाम शामिल है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी 7 सीटों पर BJP ने कब्जा जमाया था।

पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस-AAP अलग-अलग लड़ेंगी
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और AAP में सहमति नहीं बनी। AAP और कांग्रेस सभी सीटों पर अलग-अलग ही चुनाव लड़ेंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में 10 फरवरी को इसका ऐलान भी किया था। उन्होंने 21 फरवरी को कहा था- पंजाब में अकेले लड़ने के फैसला जीतने के लिए किया है।

सपा के साथ कांग्रेस की सीट शेयरिंग फिक्स
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने यूपी-एमपी की सीटों पर समझौता किया है। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 17 सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ी हैं। मध्यप्रदेश की 29 सीटों में से कांग्रेस ने एक खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी को दी है। पूरी खबर पढ़ें…

AAP ने असम-गुजरात में अपने उम्मीदवारों की घोषणा की, TMC ने भी मांगीं सीटें
AAP ने कई बार इस बात पर जोर दिया है कि वह I.N.D.I.A के साथ है, लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए अलग-अलग राज्यों में लगातार अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। AAP ने 8 फरवरी को असम में तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

केजरीवाल ने जनवरी में गुजरात यात्रा के दौरान राज्य की भरूच लोकसभा सीट पर चैतर वसावा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला भी इसी के बाद आया है। भरूच सीट से कांग्रेस के नेता अहमद पटेल सांसद थे। उनका निधन हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, पटेल के बेटे और बेटी इसी सीट से टिकट मांग रहे थे।

इधर, TMC ने असम में 2 और मेघालय में 1 सीट मांगी है, जिस पर कांग्रेस और TMC में चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस मेघालय सीट देने की इच्छुक नहीं है। असम में 14 और मेघालय में दो सीटें हैं।

बंगाल में ममता अकेले लड़ेंगी चुनाव
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। ममता भी खुद को I.N.D.I.A का हिस्सा बताती रही हैं। हालांकि, उन्होंने अकेले चुनाव लड़ने के अपने फैसले के लिए कांग्रेस के साथ सीट-शेयरिंग को लेकर बातचीत फेल होने का हवाला दिया था।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने रास्ते पहले ही अलग कर चुके हैं। वे I.N.D.I.A के सूत्रधार थे। उन्होंने ही सभी विपक्षी पार्टियों को BJP के खिलाफ एकजुट किया था। हालांकि, वे खुद 28 जनवरी को NDA में शामिल हो गए और BJP के साथ मिलकर सरकार बना ली।

कांग्रेस नेता जयराम नरेश ने शनिवार को कहा कि TMC से बातचीत जारी है। ममता बनर्जी ने भी कहा है कि BJP को हराना पहला मकसद है। हमारे बीच तू-तू मैं-मैं होती रहती है।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी ने ही ममता बनर्जी को पहली बार सांसद बनाया था। उनकी पार्टी का नाम भी देखिए। उसमें तृणमूल भी है और कांग्रेस भी है। कांग्रेस के दरवाजे TMC के लिए सदैव खुले हैं। हम ममता बनर्जी का सम्मान करते हैं। हमारी उम्मीदों के मुताबिक, पल्टी राम (नीतीश कुमार) और RLD को छोडकर इंडिया ब्लॉक में शामिल सभी 26 पार्टियां एकजुट हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!