देहरादून। प्रदेश के हल्द्वानी से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसके वैवाहिक जीवन को बर्बाद करने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद युवक ने युवती पर शादी का दबाव बनाया, उसका पीछा किया और शादी कहीं और होने पर रिश्तेदारों को अश्लील व आपत्तिजनक संदेश भेजने शुरू कर दिए। मामले में स्थानीय पुलिस चौकी से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी से शिकायत की, जिसके बाद हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मानपुर पश्चिम निवासी युवती की करीब तीन वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी विकास कश्यप से पहचान हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी ने युवती पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी एक दिन बहाने से उसे हल्द्वानी के एक होटल में ले गया, जहां उसने लगातार शादी के लिए मानसिक दबाव बनाया। युवती द्वारा स्पष्ट इनकार किए जाने के बाद आरोपी का व्यवहार और आक्रामक हो गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवती के कार्यालय के बाहर पहुंचकर उसका इंतजार करता था और धमकी देता था कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसके घर जाकर हंगामा करेगा। इतना ही नहीं, वह युवती को महंगे उपहार देने और ऑनलाइन पैसे भेजने की कोशिश भी करता रहा। हालांकि युवती ने हर बार उपहार और पैसे लौटा दिए तथा उससे दूरी बनाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कथित रूप से लगातार उसका पीछा करता रहा। पीड़िता की फरवरी 2026 में परिवार की सहमति से शादी हो गई। आरोप है कि शादी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने बदले की भावना से युवती के मामा, भाई और अन्य रिश्तेदारों के व्हाट्सएप नंबरों पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश तथा फोटो भेजने शुरू कर दिए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी का उद्देश्य युवती के वैवाहिक जीवन में विवाद पैदा करना और उसका घर तोड़ना था।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके ससुराल का पता और संपर्क नंबर भी मांगना शुरू कर दिया। जब परिवार ने जानकारी देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। आरोपी की इन हरकतों से पीड़िता और उसका परिवार भय और मानसिक तनाव में है। पीड़िता ने बताया कि उसने सबसे पहले स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत की थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने आरोपी द्वारा भेजे गए व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्यों के साथ एसएसपी मंजूनाथ टीसी से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी विकास कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है।













