देहरादून। भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) पेंशनर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन द्वारा 28 फरवरी, 2026 को साइंटिस्ट हॉस्टल, एफआरआई में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आईसीएफआरई एवं इसके अधीनस्थ संस्थानों के वरिष्ठ सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों एवं कार्मिकों का अभिनंदन किया गया, जिन्होंने 31 दिसंबर, 2025 तक 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है।
कार्यक्रम में कुल 23 वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया, जिनकी जन्मतिथि वर्ष 1935 से 1945 के मध्य है। सम्मानित होने वालों में एमएल. ठाकुर, एसएस. राजपूत, हरबक्श सिंह, के.एस. शुक्ला, एम.के. भट्टाचार्य, एमएन. झा, पीएल. सोनी सहित अन्य प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं कार्मिक सम्मिलित रहे।
समारोह का आयोजन आईसीएफआरई पेंशनर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन द्वारा डॉ. एन.एस.के. हर्ष, डॉ. ओमबीर सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह तथा श्री वाई.एस. नेगी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सम्मानित वरिष्ठजनों के दीर्घ अनुभव, संस्थान के विकास में उनके अमूल्य योगदान तथा वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय सेवाओं को भावपूर्ण शब्दों में स्मरण किया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि इन वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं कार्मिकों की निष्ठा, समर्पण एवं कार्यशैली आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके मार्गदर्शन एवं अनुभव से ही संस्थान ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों को स्मृति-चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।











