LPG ग्राहकों को बड़ा झटका, आज से गैस सिलेंडर के दाम में जोरदार वृद्धि

MS Malik
By
3 Min Read

LPG से रसोई में खाना बनाने वाली गृहणियों के लिए बुरी खबर है। तेल कंपनियों ने बजट के बाद गैस की कीमतों में इजाफा कर दिया है। देश की सबसे बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की एलपीजी ईकाई इंडेन गैस ने गुरुवार 4 फरवरी से एलपीजी गैस की कीमतों में वृद्धि कर दी है। इंडेन की वेबसाइट के अनुसार गैस सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 25 रुपये बढ़ गई है। हांलाकि कॉमर्शियल गैस की कीमत 6 रुपये कम कर दी गई है।
ताजा वृद्धि के बाद दिल्ली में एलपीजी की कीमत 719 हो गई है। जबकि जनवरी में दिल्ली में रसोई गैस 694 रुपये में मिल रही थी। अमूमन गैस कंपनियां महीने के पहले दिन गैस की नई कीमतें निर्धारित करती हैं। लेकिन बजट जारी होने के कारण इस महीने 1 तारीख को कीमतों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया था।
बता दें कि नए साल यानी 2021 के जनवरी में भी तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर उपभोक्‍ताओं को राहत देते हुए कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की थी। हालांकि कमर्शियल उपभोक्‍ताओं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 17 रुपये की बढ़ोतरी कर दी थी।

ये है घरेलू गैस की मौजूदा कीमत
इंडियन ऑयल की बेवसाइट के मुताबिक 4 फरवरी, 2021 से दिल्‍ली में 14.2 किलोग्राम बिना सब्सिडी वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 719 रुपये, मुंबई में 719 रुपये, चेन्‍नई में 735 रुपये और कोलकाता में 745.50 रुपये बताई गई है। 15 दिसंबर को दिल्‍ली में 14.2 किलोग्राम बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस की कीमत 694 रुपये, मुंबई में 694 रुपये, चेन्‍नई में 710 रुपये और कोलकाता में 720.50 रुपये थी।

ये है कॉमर्शियल गैस की मौजूदा कीमत
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक 19 किलोग्राम कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 4 फरवरी, 2021 से दिल्‍ली में 1533 रुपये, कोलकाता में 1598.50 रुपये, मुंबई में 1482.50 रुपये और चेन्‍नई में 1649.00 रुपये होगी।

दिसंबर में दिया था दोहरा झटका
जनवरी में तेल कंपनियों ने बड़ी राहत जरूर दी थी, लेकिन इससे पहले दिसंबर में तेल मार्केटिंग कंपनी ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में दो बार में 100 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने पहले 2 दिसंबर को 50 रुपये बढ़ाए और इसके बाद 15 दिसंबर को दोबारा 50 रुपये बढ़ा दिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!