UP में PCS भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 27 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

4

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) सामान्य/विशेष भर्ती परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन पत्र में संशोधन एवं त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों के पास वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक OTR नहीं कराया है, उन्हें पहले आयोग के पोर्टल पर पंजीकरण कर OTR नंबर प्राप्त करना होगा। बिना OTR के आवेदन मान्य नहीं होगा।

आयोग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में OTR का प्रमाणीकरण, दूसरे चरण में व्यक्तिगत एवं शैक्षिक विवरण भरना, तीसरे चरण में ऑनलाइन परीक्षा शुल्क का भुगतान तथा चौथे चरण में आवेदन पत्र का अंतिम प्रिंट सुरक्षित रखना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अंतिम आवेदन पत्र की प्रति भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए संभालकर रखें।

महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ : 25 जून 2026
आवेदन एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 27 जुलाई 2026
आवेदन में संशोधन/त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि : 3 अगस्त 2026


परीक्षा शुल्क आयोग के अनुसार अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 100 रुपये तथा ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क 25 रुपये, यानी कुल 125 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 40 रुपये तथा प्रोसेसिंग शुल्क 25 रुपये, यानी कुल 65 रुपये देय होगा।आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर सख्त निर्देश भी जारी किए हैं। आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियां अंतिम मानी जाएंगी और अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा गलत जानकारी दी जाती है या पात्रता संबंधी तथ्यों को छिपाया जाता है तो उसकी अभ्यर्थिता किसी भी स्तर पर निरस्त की जा सकती है। गंभीर मामलों में भविष्य की भर्तियों से भी वंचित किया जा सकता है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन पत्र में दर्ज सभी विवरण OTR रिकॉर्ड के अनुरूप ही भरें तथा आवेदन जमा करने के बाद उसकी प्रति सुरक्षित रखें। दस्तावेज सत्यापन के समय सभी मूल प्रमाणपत्र एवं स्वप्रमाणित प्रतियां निर्धारित समय पर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी सूचनाओं एवं अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। साथ ही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सही एवं सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए हैं।