मोहब्बेवाला में पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने किया हवन, दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए की प्रार्थना; सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और दुर्घटनाओं की तकनीकी जांच की उठाई मांग
देहरादून। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के निकट लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और इनमें बेकसूर लोगों की असमय मौतों ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। इन दुर्घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा हादसों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।


मंगलवार को आशारोड़ी रेंज के निकट सेल टैक्स कार्यालय, मोहब्बेवाला में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने दिवंगत आत्माओं की शांति और भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की कामना के साथ हवन कार्यक्रम आयोजित किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित दीपक पैन्यूली ने विधि-विधान से हवन संपन्न कराया। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मिक शांति के लिए आहुतियां दी गईं तथा मां डाट काली से जनसामान्य की सुरक्षा और मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की गई।
हवन कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेसजनों ने सरकार का ध्यान मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं की गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि विकास के नाम पर बनाई गई सड़कें तभी सार्थक हैं, जब उन पर चलने वाले लोगों का जीवन सुरक्षित हो। जनता की जान की कीमत किसी भी विकास परियोजना से अधिक महत्वपूर्ण है और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

दुर्घटनाओं को लेकर सरकार तत्काल जवाबदेही तय करे : रमेश कुमार मंगू
इस अवसर पर पूर्वांचल समाज एकता परिषद के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश सचिव कांग्रेस रमेश कुमार मंगू ने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। यह क्षेत्र देहरादून में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं। इसके बावजूद यदि इस स्थान पर लगातार जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं, तो यह सड़क की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को अब इस समस्या को सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। दुर्घटनाओं के कारणों की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए। यदि सड़क निर्माण, डिजाइन, यातायात प्रबंधन अथवा सुरक्षा इंतजामों में कोई कमी सामने आती है, तो उसे तत्काल दूर किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही भी तय की जाए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ओमप्रकाश सती ‘बबन’ ने कहा कि किसी भी बड़ी निर्माण परियोजना में तकनीकी त्रुटियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन ऐसी कमियों को समय रहते पहचानकर दूर करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद यदि सरकार और प्रशासन समय रहते नहीं चेते, तो भविष्य में इसके और गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने मांग की कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की व्यापक समीक्षा कराई जाए तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का उद्देश्य आम जनता को सुविधा और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना होना चाहिए, न कि लोगों के लिए जान का जोखिम बढ़ाना।

रायपुर विधानसभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता सूरत सिंह नेगी ने कहा कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को महज संयोग या सामान्य हादसा मानकर अनदेखा नहीं किया जा सकता। इन घटनाओं के पीछे यदि सड़क की बनावट, तकनीकी खामियां, संकेतकों की कमी, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अथवा यातायात नियंत्रण में कोई कमी है, तो उसका पता लगाना बेहद आवश्यक है।
कांग्रेसजनों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की कि विशेषज्ञों की टीम गठित कर पूरे दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाए। सड़क की डिजाइन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, मोड़ों, संकेतकों, स्पीड कंट्रोल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त चेतावनी संकेतक, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्पीड मॉनिटरिंग, सुरक्षित डिवाइडर और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएं।

वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र सिंह रांगड ने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजना से लोगों को बेहतर और सुविधाजनक आवागमन की उम्मीद है, लेकिन यदि किसी स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को केवल सड़क निर्माण और विकास कार्यों का प्रचार करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन परियोजनाओं पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी पूरी करनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए, संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सुधार प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने संकल्प व्यक्त किया कि सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों के जीवन की रक्षा से जुड़े इस मुद्दे को लगातार उठाया जाता रहेगा, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपने प्रियजन को सड़क दुर्घटना में खोने का दर्द न सहना पड़े।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता हरिप्रसाद भट्ट, पूरन सिंह रावत, प्रमोद मुंशी, वीरेंद्र पोखरियाल, आलोक मेहता, हरेंद्र गुसाई, विलियम, हरपाल धीमान, मदन लिंबू, धीरेंद्र छत्री, रविंद्र विश्वास, आशीष कुमार, उमा, मनमोहन शर्मा, नितिन रावत, हेमंत उप्रेती, सुरेंद्र थापा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं स्थानीय साथी उपस्थित रहे।

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों पर सरकार की जवाबदेही तय हो : हरीश रावत
Leave a Comment