नदी पर अतिक्रमण से बाढ़ का खतरा, भाजपा नेता बुटोला ने DM से की कार्रवाई की मांग

2

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में चंद्रबनी वार्ड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला के नेतृत्व में सोमवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी देहरादून के नाम एक ज्ञापन प्रेषित कर आसन नदी एवं उससे जुड़े नालों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार को सौंपते हुए ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के कारण संभावित बाढ़ संकट को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।

बुटोला ने बताया कि नगर निगम देहरादून के अंतर्गत वार्ड संख्या 91, चंद्रबनी क्षेत्र के कैलाशपुर जय कॉलोनी तथा महादेव एंक्लेव की ओर जाने वाले नाले और आसन नदी के किनारों पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पुश्तों (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण किया जा रहा है। इस अतिक्रमण के चलते नदी और नाले की प्राकृतिक चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है, जिससे जल प्रवाह गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि जिस स्थान पर पहले नदी की चौड़ाई लगभग 50 से 70 फीट हुआ करती थी, उसे अवैध निर्माणों के कारण घटाकर मात्र 20 से 22 फीट तक सीमित कर दिया गया है। इससे बरसात के मौसम में जल निकासी बाधित होने तथा आसपास की आबादी, विशेष रूप से जय कॉलोनी, महादेव एंक्लेव एवं अन्य रिहायशी क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

बुटोला का आरोप है कि अतिक्रमण करने वालों को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद वे जबरन निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित भूमि में जलमग्न (नॉन-ज़ेड) भूमि तथा नगर निगम की भूमि शामिल है, जिस पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। बुटोला के अनुसार इस संबंध में नगर निगम को कई बार अवगत कराया जा चुका है, किंतु निगम अधिकारियों ने भूमि के नॉन-ज़ेड श्रेणी में होने का हवाला देते हुए कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए राजस्व विभाग और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से भूमि का सीमांकन कराने तथा सभी अवैध पुश्तों और अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।

बुटोला ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र को गंभीर बाढ़ और जनहानि जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर मनोज पंत, सूरज रावत, विनोद भंडारी, देवेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, बृजेश, चहल कुमार, दिनेश चंद्र, सूरज रावत सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।