प्रेमी संग मां को आपत्तिजनक हालत में देख लिया बेटे ने, राज खुलने के डर से मां ने ही दबा दिया गला!

2

 

आगरा में सनसनीखेज वारदात: पिता को सच बताने की बात कहने पर मां पर बेटे की हत्या का आरोप, प्रेमी भी संदेह के घेरे में

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक मां पर अपने ही 14 वर्षीय बेटे की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। पुलिस के अनुसार, किशोर ने अपनी मां को पड़ोस के एक युवक के साथ कमरे में देख लिया था। उसने अपने पिता को फोन कर पूरी बात बताने की बात कही। आरोप है कि इसी डर से मां ने बेटे का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल मौत का कारण ‘अज्ञात’ बताया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
मामला विपौसी गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक गांव निवासी सर्वेश गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन 14 वर्षीय सत्यम अचानक एक कमरे में पहुंच गया। वहां उसने अपनी मां को पड़ोसी युवक के साथ देखा।


पुलिस जांच के अनुसार, सत्यम ने कथित तौर पर मां से कहा कि वह अपने पिता को फोन कर कमरे में देखी गई बात बता देगा। आरोप है कि बेटे की यह बात सुनकर मां घबरा गई और उसने कथित रूप से बेटे का गला दबा दिया। इसके बाद किशोर की हालत बिगड़ गई।
सामान्य मौत दिखाने की कोशिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद परिवार की ओर से यह बताया गया कि सत्यम की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उसे चारपाई पर पड़ा बताया गया और बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल की पड़ताल के दौरान किशोर के गले पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
पूछताछ में सामने आईं कई अहम कड़ियां
पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में किशोर की मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हुए। पुलिस के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर मां और पड़ोस के युवक की भूमिका संदेह के घेरे में आई।
पुलिस का कहना है कि सत्यम की मौत के बाद कथित प्रेमी अपने घर चला गया था। वहां उसने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि परिजनों की नजर पड़ जाने से उसे समय रहते बचा लिया गया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली और जांच में इस घटनाक्रम की कड़ी भी जुड़ती चली गई।

पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल अब यह है कि किशोर की वास्तविक मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका और मृत्यु का कारण ‘अज्ञात’ दर्ज किया गया है। ऐसे में पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। किशोर की मौत ने गांव में भी सनसनी फैला दी है।