बीसीसीआई AGM : आईपीएल में दो नई टीमें, आज की बैठक में कई अहम मुद्दों पर हो सकता है फैसला

MS Malik
By
3 Min Read

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) गुरुवार को अपनी आम सभा की 89वीं सालाना बैठक करने वाली है। इस दौरान बीसीसीआई कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेगी, जिसमें आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने और भारत में वैश्विक टूर्नामेंटों को कर से छूट की आईसीसी की मांग समेत विभिन्न क्रिकेट समितियों का गठन एजेंडे में शामिल होगा।

नए उपाध्यक्ष की औपचारिक घोषणा
बीसीसीआई के नए उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के चयन की भी औपचारिक घोषणा होगी जो सर्वसम्मति से चुने गए हैं। बृजेश पटेल आईपीएल संचालन परिषद के प्रमुख बने रहेंगे।

गांगुली और हितों के टकराव
ऐसी भी अटकलें हैं कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से उनके विज्ञापनों और उससे जुड़े हितों के टकराव के मामले पर भी सवाल किए जाएंगे लेकिन अभी इस पर कोई स्पष्टता नहीं है।

आईपीएल में दो नई टीमें
बैठक के दौरान आईपीएल 2022 के लिए दो नई टीमों को भी मंजूरी दी जाएगी। हालांकि बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘इस समय आईपीएल में दस टीमें रखना 2021 के लिए संभव नहीं है। इसके लिए निविदा की प्रक्रिया और नीलामी लंबा समय लेगी और इतने कम समय में यह मुमकिन नहीं।’ उन्होंने कहा, ‘यह सही होगा कि मंजूरी ले ली जाए और 2022 में 94 मैचों का टूर्नामेंट हो।’

टी-20 विश्व कप के आयोजन में कर की छूट
वहीं आईसीसी को अक्तूबर-नवंबर में होने वाले टी-20 विश्व कप के आयोजन के लिए कर में पूरी छूट मिलने का आश्वासन देने की समय सीमा में एक सप्ताह ही रह गया है। ऐसा नहीं होने पर टूर्नामेंट यूएई में खेला जाएगा। 

आईसीसी के मंचों पर जय शाह और गांगुली बोर्ड के प्रतिनिधि बने रहेंगे
बीसीसीआई अगर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने का समर्थन करता है तो उसकी स्वायत्ता खत्म हो जाएगी और वह राष्ट्रीय खेल महासंघ होने के नाते खेल मंत्रालय के अंतर्गत आ जाएगा।

विभिन्न समितियों का गठन
बीसीसीआई की विभिन्न समितियों का गठन भी लंबे समय से रूका हुआ है। समझा जाता है कि नई क्रिकेट सलाहकार समिति का गठन होगा जो तीन नए चयनकर्ता चुनेगी।

मदन लाल की अगुआई वाली सीएसी के कार्यकाल के बढ़ने की उम्मीद
वहीं, बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के कार्यकाल को बोर्ड की 89वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) में बढ़ाए जाने की संभावना है। समिति को इंग्लैंड श्रृंखला से पहले तीन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का चयन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार पूर्व विश्व कप विजेता मदन लाल की अध्यक्षता वाली सीएसी अपना काम पहले की तरह ही करेगी। सीएसी के अन्य सदस्य आरपी सिंह और सुलक्षणा नायक हैं। एजीएम में इन तीनों के कार्यकाल को बढ़ाये जाने को मंजूरी दिए जाने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!