देहरादून। जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।जारी आदेश के तहत सात निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव के बाद ऋषिकेश, नगर, डोईवाला और डालनवाला जैसी महत्वपूर्ण कोतवालियों को नए प्रभारी मिल गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को शाखाओं और विशेष प्रकोष्ठों में तैनात किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट को रिजर्व पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश नियुक्त किया गया है।
अब तक ऋषिकेश कोतवाली की कमान संभाल रहे निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निरीक्षक हरिओम राज चौहान को कोतवाली नगर से स्थानांतरित कर प्रभारी चुनाव सेल, पुलिस कार्यालय बनाया गया है। आगामी चुनावी गतिविधियों और प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए इस तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसएसपी के आदेश में निरीक्षक राकेश गुसाईं को रिजर्व पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डोईवाला की जिम्मेदारी दी गई है।
निरीक्षक कमल कुमार लुंठी, जो अब तक डोईवाला कोतवाली का नेतृत्व कर रहे थे, उन्हें प्रभारी निरीक्षक थाना रायवाला नियुक्त किया गया है।
निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डालनवाला के पद से हटाकर शाखा प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ बनाया गया है।
वहीं शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत को नई जिम्मेदारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डालनवाला नियुक्त किया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल लगातार पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दे रहे हैं। इसी रणनीति के तहत विभिन्न थानों और शाखाओं में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
ऋषिकेश, नगर, डोईवाला, रायवाला और डालनवाला जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नए प्रभारी नियुक्त होने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि नए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, जनसुनवाई और पुलिस-जन संवाद को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिसके बाद सभी अधिकारियों ने अपने- अपने नए पदभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस विभाग में इस फेरबदल को आगामी चुनौतियों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।














