भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

2

 

सहारनपुर। दिल्ली– देहरादून मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।हादसे के बाद मौके पर चीख- पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दून दिल्ली मार्ग पर सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक युवक, उसकी मां, बहन और पांच वर्षीय बेटी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। इस हृदयविदारक दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

खालिद मजीद/शमीम अली