मातम में बदलीं खुशियां, देर रात चाकू से गोदकर युवक की हत्या

2

 

पछवादून के जमनपुर में शराब पीने के बाद रास्ते को लेकर हुआ विवाद; हाथापाई के बाद सीने पर किए ताबड़तोड़ वार, आरोपी फरार

देहरादून। राजधानी देहरादून में सेलाकुई के जमनपुर में देर रात नवजात बेटी की छठी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। बिल्डिंग के बाहर रास्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई और फिर चाकूबाजी में बदल गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से मीरपुर हेमूपुरा, बिलसंडा, जिला पीलीभीत निवासी जितेंद्र कुमार जमनपुर में रहता है और होटल में काम करता है। छह दिन पहले उसकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म की खुशी में रात घर पर छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के फटेंकुआं गांव निवासी राजपाल (25) भी पहुंचा था। जितेंद्र और राजपाल पहले से परिचित बताए जा रहे हैं। दोनों आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। कार्यक्रम के दौरान दोनों ने शराब पी। देर रात बिल्डिंग के बाहर रास्ते को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कहासुनी के बाद दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान आरोप है कि जितेंद्र ने चाकू निकाल लिया और राजपाल के सीने पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजपाल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चाकूबाजी की सूचना कंट्रोल रूम से मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल राजपाल को एंबुलेंस से झाझरा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। पुलिस सोमवार रात हुई घटना के पीछे इस पुराने विवाद की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि हत्या की सही वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में स्पष्ट होने की संभावना है।
नई नौकरी के कुछ दिन बाद ही मौत राजपाल जमनपुर में अकेला रहता था। पुलिस के अनुसार, तीन-चार दिन पहले ही उसकी एक स्थानीय कंपनी में नौकरी लगी थी। नई नौकरी शुरू किए कुछ ही दिन हुए थे कि वह चाकूबाजी का शिकार हो गया। वहीं आरोपी जितेंद्र अपने माता-पिता, पत्नी और छह दिन की नवजात बेटी के साथ रह रहा था। बेटी की छठी के जश्न के बीच हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।

सेलाकुई थानाध्यक्ष शैंकी कुमार के अनुसार, मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वारदात के बाद से आरोपी जितेंद्र फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। छह दिन पहले जिस घर में बेटी के जन्म की खुशी मनाई गई थी, उसी घर की छठी की पार्टी में कुछ घंटे बाद चाकूबाजी हो गई। शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक की जान चली गई। वारदात के बाद आरोपी के फरार होने से पुलिस की चुनौती भी बढ़ गई है।