ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा ऑडिट और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग
देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रदेश सचिव, उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी एवं निवर्तमान पार्षद रमेश कुमार ‘मंगू’ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
रमेश कुमार ‘मंगू’ ने कहा कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन हादसों में जहां कई लोगों की जान जा रही है, वहीं अनेक लोग गंभीर रूप से घायल भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हुई गंभीर दुर्घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को सामने ला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहब्बेवाला मार्ग पर बड़ी संख्या में ओवरलोडेड ट्रक एवं अन्य भारी वाहन संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनके विरुद्ध प्रभावी निगरानी एवं नियमित जांच दिखाई नहीं दे रही है। उनके अनुसार, भारी वाहनों की आवाजाही, यातायात नियमों का उल्लंघन और सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजामों की कमी दुर्घटनाओं के जोखिम को बढ़ा रही है।रमेश कुमार ‘मंगू’ ने कहा कि स्थानीय नागरिक लंबे समय से मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। क्षेत्र में गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय, स्पष्ट एवं पर्याप्त सड़क संकेतक, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ नियमित जांच एवं कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की लगातार मांग के बावजूद यदि अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित विभागों से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने RTO विभाग से ओवरलोडेड ट्रकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त प्रवर्तन आवश्यक है, ताकि सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
साथ ही उन्होंने NHAI से मोहब्बेवाला क्षेत्र में तत्काल सड़क सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऑडिट के आधार पर दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरी सुधार, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, गति नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध तत्काल किए जाने चाहिए।रमेश कुमार ‘मंगू’ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को केवल हादसा मानकर छोड़ देना समस्या का समाधान नहीं है। दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर उन्हें रोकने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए RTO, NHAI एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तत्काल ठोस कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था में जहां भी लापरवाही या कमी सामने आए, वहां जिम्मेदारी निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना रोकथाम के लिए तात्कालिक, प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला रोका जा सके और आम नागरिक सुरक्षित आवागमन कर सकें।











