मोहब्बेवाला चौक पर कार के ऊपर पलटा ट्रक, तेल की टंकी फटने से भड़की भीषण आग

2

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक अचानक कार के ऊपर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं के गुबार से भर गया। स्थानीय निवासियों के मुताबिक ट्रक चालक अपना संतुलन खो बैठा और सामने चल रही कार से टकराते हुए उस पर पलट गया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास की दुकानों और घरों से लोग बाहर निकल आए। आग की लपटें देखते ही लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

बताया जा रहा है कि ट्रक टाइल्स से लदा हुआ था। पलटते ही ट्रक का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। हालांकि गनीमत रही कि आग भड़कने से पहले ही कार सवार और ट्रक चालक बाहर निकलने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन देहरादून की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन संपन्न घोषित किया गया। इसके बाद सड़क से जले हुए वाहनों और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया।

हादसे के चलते मोहब्बेवाला चौक पर लंबा जाम लग गया। कार्यालय और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक की रफ्तार तय सीमा से अधिक तो नहीं थी। स्थानीय निवासी एडवोकेट सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि धीमी गति होने से बड़ा नुकसान टल गया। यदि कार सवार और ट्रक चालक समय रहते बाहर न निकलते तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।