यूपी की 70 जिला पंचायतों का कार्यकाल आज पूरा, कल से डीएम संभालेंगे कामकाज

MS Malik
By
2 Min Read

उत्तर प्रदेश में 69 जिला पंचायतों का कार्यकाल बुधवार को पूरा हो रहा है। अब गुरुवार को जिलाधिकारियों को प्रशासक नियुक्त कर दिया जाएगा। गौतमबुद्धनगर जिले में पहले से ही डीएम बतौर प्रशासक कामकाज संभाल रहे हैैं। इस तरह 70 जिला पंचायतें प्रशासकों के हवाले हो जाएंगी। 15 मार्च से 30 मार्च के बीच पंचायत चुनाव होने हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत का नोटिफिकेशन आएगा।
अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेज कर कहा है कि पंचायत निर्वाचन वर्ष 2015 में कराए गए थे। निर्वाचन के बाद 69 जिला पंचायतों में प्रथम बैठक 14 जनवरी, 2016 को आहूत की गई थी। उनके पांच वर्ष 13 जनवरी, 2021 को पूरे होने पर उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। वहां पर 14 जनवरी को जिलाधिकारी द्वारा प्रशासक का पद ग्रहण कर लिया जाएगा, जो नए जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने तक बना रहेगा।
बुधवार रात 12 बजे के बाद कोई लेनदेन नहीं : अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष बुधवार रात 12 बजे के बाद कोई लेनदेन या संबंधित अन्य कोई कार्य नहीं कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र व जिला पंचायत अधिनियम 1961 की धारा 21 की उपधारा 3-क में जिला पंचायत का कार्यकाल पूरा होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने या छह माह की अवधि तक जिलाधिकारी को प्रशासक नियुक्त किया जाता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!